राजकीयकृत आदर्श मध्य विद्यालय बुद्धूडीह में भवन और शिक्षकों की कमी से शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है. विद्यालय में कुल 330 विद्यार्थी नामांकित हैं, जबकि पढ़ाने के लिए महज चार शिक्षक पदस्थापित हैं. स्कूल में आठ कमरे उपलब्ध हैं, लेकिन शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. स्कूल प्रबंधन के अनुसार भाषा और सामाजिक विज्ञान विषय के शिक्षकों की कमी है.
एक कमरे में साइकिल के पार्ट्स, परिसर में रखी गयीं साइकिलें
विद्यालय को साइकिल वितरण का क्लस्टर बनाये जाने से भी शैक्षणिक गतिविधियों में परेशानी हो रही है. एक कमरे में साइकिल के पार्ट्स रखे गये हैं, जबकि विद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में फिटिंग की गयी साइकिलें रख दी गयी हैं. इससे विद्यार्थियों को प्रार्थना सभा से लेकर नियमित पढ़ाई तक में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
विभाग को दी गयी जानकारी : प्रधानाध्यापिका
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अंजू कुमारी ने कहा कि शिक्षकों की कमी के कारण विद्यालय संचालन में काफी परेशानी हो रही है. साइकिल वितरण क्लस्टर बनाये जाने के बाद एक कमरे में साइकिल के पार्ट्स और विद्यालय परिसर में साइकिलें रखे जाने से भी विद्यार्थियों को दिक्कत हो रही है. इसकी जानकारी विभाग को दे दी गयी है.
