गिरिडीह. बगोदर थाना क्षेत्र के अटका चौक से करीब 200 मीटर दूर रविवार की रात एक स्वर्ण व्यवसायी से हथियार के बल पर लूटपाट की घटना सामने आयी है. अटका निवासी बंटी स्वर्णकार दुकान बंद करने के बाद आभूषण और अन्य सामान लेकर बाइक से घर लौट रहे थे. घर के बाहर पहुंचते ही दो बाइक पर सवार चार लोगों ने उनकी बाइक को रोक लिया और हथियार का भय दिखाकर डिक्की में रखा बैग तथा बाइक के हैंडल में लटका झोला छीन लिया. इसके बाद सभी आरोपी जीटी रोड के रास्ते गोरहर-बरकट्ठा की ओर फरार हो गये.
घटना के बाद व्यवसायी के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गये और भाग रहे आरोपियों का पीछा किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आये. पीड़ित ने तत्काल घटना की सूचना बगोदर पुलिस को दी. सोमवार सुबह बगोदर-सरिया एसडीपीओ धनंजय कुमार राम और बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार अटका गांव पहुंचे और घटना की जानकारी ली.
आगे-पीछे बाइक खड़ी कर रोका रास्ता
बंटी स्वर्णकार के अनुसार, वह प्रतिदिन की तरह रविवार को भी दुकान बंद करने के बाद सामान लेकर घर जा रहे थे. एक बैग बाइक की डिक्की में रखा था, जबकि एक झोला हैंडल में लटका था. घर में प्रवेश करने से ठीक पहले दो बाइक पर सवार चार हेलमेटधारी लोग वहां पहुंचे. एक बाइक उनकी बाइक के आगे और दूसरी पीछे खड़ी कर रास्ता रोक दिया गया. वह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही हथियार दिखाकर दोनों बैग लेकर आरोपी फरार हो गये.
नकद और सोने-चांदी के जेवरात होने का दावा
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि छीने गये बैग और झोले में करीब 20 से 30 हजार रुपये नकद, 50 से 60 हजार रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और करीब तीन किलो चांदी के जेवरात थे. हालांकि लूटे गये सामान की वास्तविक मात्रा और कीमत का सत्यापन पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने आसपास की दुकानों और अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिये हैं. थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. उन्होंने घटना को संदिग्ध बताते हुए कहा कि पुलिस अपने स्तर से पूरे मामले की जांच कर रही है. पीड़ित की ओर से बगोदर थाना में शिकायत भी दी गयी है. पुलिस फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना की जांच में जुटी है.
ये भी पढ़ें: गिरिडीह में देर रात 407 और ट्रक की भीषण टक्कर, उड़ गए परखच्चे; हादसे के बाद उठने लगे गंभीर सवाल
