बगोदर विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है. विधानसभा में बगोदर विधायक नागेंद्र महतो द्वारा उठाये गये सवाल के जवाब में राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि डिग्री कॉलेज, बगोदर में आगामी शैक्षणिक सत्र से पठन-पाठन शुरू कर दिया जायेगा.
2024 में पूरा हो चुका है निर्माण कार्य
विधानसभा में विधायक नागेंद्र महतो ने कहा कि बगोदर में सरकारी डिग्री कॉलेज का निर्माण वर्ष 2024 में ही पूरा हो गया था, लेकिन अब तक वहां पढ़ाई शुरू नहीं हो सकी है. इसके जवाब में सरकार ने बताया कि कॉलेज भवन का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद जून 2025 में इसे संबंधित विश्वविद्यालय को हस्तांतरित कर दिया गया है.
शिक्षकों और कर्मियों के पदों का हुआ पुनर्सृजन
सरकार ने बताया कि विश्वविद्यालयों एवं अंगीभूत कॉलेजों में शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मियों के पदों का पुनर्गठन किया गया है. डिग्री कॉलेज, बगोदर के लिए 22 शिक्षकों के पदों का पुनर्सृजन किया गया है. इसके अलावा एक प्राचार्य और 23 शिक्षकेतर कर्मियों के पद भी स्वीकृत किये गये हैं.
नियुक्ति प्रक्रिया जारी
सरकार के अनुसार कॉलेज में शिक्षकों और कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है. आवश्यक प्रशासनिक और शैक्षणिक प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद कॉलेज को संचालन के लिए तैयार किया जा रहा है.
उच्च शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
विधानसभा में सरकार ने भरोसा दिलाया कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर आगामी शैक्षणिक सत्र से कॉलेज में नियमित पठन-पाठन शुरू कर दिया जायेगा. कॉलेज शुरू होने से बगोदर और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा.
लगातार उठाते रहे हैं मुद्दा
विधायक नागेंद्र महतो लंबे समय से बगोदर में उच्च शिक्षा सुविधाओं के विस्तार और डिग्री कॉलेज में जल्द पढ़ाई शुरू कराने की मांग उठाते रहे हैं. सरकार की ओर से मिली जानकारी के बाद क्षेत्र के विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है.
