दुखद. बगोदर थाना क्षेत्र के दोंदलो मोड़ के पास हुई दुर्घटना
बगोदर थाना क्षेत्र के दोंदलो मोड़ के पास हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गयी. घटना रविवार शाम पांच बजे की है. बताया जाता है कि बिरनी थाना क्षेत्र के जीतकुंडी गांव का 21 वर्षीय नागराज साव पिता जगदीश साव बाइक से बगोदर की तरफ आ रहा था. तभी, दोंदलो मोड़ के पास बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकरायी. इसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद लोग पहुंचे और उसे के लिए बगोदर ट्रामा सेंटर लाया गया. चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर पहुंचते ही युवक को मृत घोषित कर दिया. बताया जाता है कि परिवार के सदस्य बगोदर के तिरला में आयोजित एक सत्संग में पहुंचे थे. उन्हें देखने के लिए युवक बाइक से तिरला जा रहा था. इसी दौरान दोंदलो मोड़ के पास घटना घटी. बताया जाता है कि युवक हेलमेट नहीं पहने हुए था. इसके कारण युवक के सिर में गंभीर चोट आयी और यही मौत का कारण बना. सूचना मिलते ही युवक के परिजन बगोदर ट्रामा सेंटर पहुंचे. परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था. मृतक युवक अविवाहित था. सूचना पर जिप सदस्य दुर्गेश कुमार, मिथलेश यादव समेत अन्य अस्पताल पहुंचे और घटना पर दुख जताया. घटना की सूचना बगोदर पुलिस को दी गयी. पोस्टमार्टम के लिए पुलिस युवक के परिजनों से वार्ता कर रही थी. घटना के बाद अस्पताल परिसर में भी लोगों की भीड़ जमा हो गयी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
