गिरिडीह. बाजार में स्वच्छता अभियान के नाम पर निर्धारित शुल्क की वसूली के विरोध में बेंगाबाद के दुकानदार एकजुट हो गये हैं. पुराने पंचायत भवन में दुकानदारों की बैठक हुई, जिसमें जनप्रतिनिधियों की ओर से गठित समिति द्वारा अलग-अलग श्रेणी की दुकानों के लिए तय शुल्क पर आपत्ति जतायी गयी. दुकानदारों ने स्पष्ट किया कि मनमाना शुल्क किसी भी स्थिति में नहीं दिया जायेगा.
बैठक में दुकानदारों ने तय किया कि बाजार की सफाई के लिए वे अपने स्तर से साप्ताहिक अभियान चलायेंगे और कूड़ा-कचरे का सुरक्षित निपटारा करेंगे. दुकानदार यूनियन के सदस्यों ने कहा कि शुल्क को कम कर प्रति दुकान हर माह 50 रुपये किया जाता है, तभी वे इसका भुगतान करेंगे.
दुकानदारों ने स्वच्छता समिति में सिर्फ बेंगाबाद के स्थानीय दुकानदारों को शामिल करने की भी मांग की. किसी बाहरी व्यक्ति को समिति में शामिल किये जाने पर विरोध करने का निर्णय लिया गया.
ये भी पढ़ें: Giridih News: चलती मालगाड़ी पर चढ़कर कोयला चोरी का आरोप, युवक गिरफ्तार; ट्रेन रोकने की कोशिश का भी दावा
दुकान के आगे न कचरा फैलायेंगे, न फेंकने देंगे
दुकानदारों ने संकल्प लिया कि वे अपनी दुकानों के सामने कचरा नहीं फैलायेंगे और न ही किसी दूसरे व्यक्ति को दुकान के सामने कचरा फेंकने देंगे. नियम का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाने का निर्णय लिया गया.
बैठक में बाजार की सफाई के लिए अलग कमिटी गठित करने और उसके व्यवस्थित संचालन को लेकर भी चर्चा हुई. बताया गया कि बेंगाबाद पंचायत समिति की बैठक के माध्यम से बेंगाबाद, महुआर और फिटकोरिया पंचायतों के बाजारों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई के लिए समिति का गठन किया गया है.
समिति को दुकानों की श्रेणी के अनुसार शुल्क वसूली की जिम्मेदारी दी गयी है. दुकानदारों का आरोप है कि समिति ने शुल्क निर्धारण में मनमानी की है, जिससे उनकी परेशानी बढ़ी है. दुकानदारों ने इसका विरोध करते हुए निर्धारित शुल्क जमा नहीं करने का निर्णय लिया.
ये भी पढ़ें: गिरिडीह के ताराटांड़ में 25 हाथियों का तांडव: भलपहरी में रातभर रतजगा, जानें वन विभाग ने कैसे पाया काबू
ये दुकानदार रहे मौजूद
बैठक में संदीप भदानी, दिनेश कुमार राणा, अक्षय कुमार, रूपेश कुमार, संकेत कुमार, सतीश बर्णवाल, जयप्रकाश राम, हेमंत कुमार, दिलीप कुमार, बिपिन कुमार, अभिजीत कुमार, सुप्रकाश गुप्ता, अनुभव कुमार, अजय राम, सत्यनारायण राम, ठकुरी मंडल, विवेक गुप्ता समेत कई दुकानदार मौजूद थे.
