बगोदर बाजार में फुटपाथ दुकानदारों ने प्रशासन के अतिक्रमण हटाने में दोहरी नीति अपनाने के खिलाफ शनिवार को प्रदर्शन कर धरना शुरू किया. धरना में बैठे कुंजलाल साव ने कहा कि आज भी बगोदर बाजार के दक्षिणी छोर, सरिया रोड व बस पड़ाव में सरकारी व सार्वजनिक जमीन पर अतिक्रमण पहले की तरह है. कई राजनीतिक दलों के लोग मकान बना रखा है, जिसे हटाने के लिए प्रशासनिक महकमा गंभीर नहीं है. उक्त मनमानी व भेदभाव के खिलाफ शहीद महेंद्र सिंह की प्रतिमा के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया है. नेतृत्व बहुजन क्रांति मोर्चा व बगोदर बचाओ संघर्ष समिति बगोदर इकाई कर रही है. धरना पर विश्वनाथ साव, मुमताज अंसारी, भीखी राम पासवान, कुतुबुद्दीन अंसारी, ओमप्रकाश साव, रामनाथ साव, टिंकू कुमार, पार्वती देवी, लखिया देवी, संतोष कुमार, सुमित कुमार, मुन्ना साव आदि बैठे हैं.
फुटपाथ दुकानदारों को बसाने की मांग
बगोदर में प्रशासन के द्वारा चलाये जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान में हटाये गये फुटपाथ दुकानदारों को बसाने की मांग भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष आशीष कुमार बोर्डर ने की है. कहा है कि कोर्ट के आदेश पर प्रशासन सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटा रहा है, लेकिन इससे पूर्व उन्हें बसाने की पहल होनी चाहिए, ताकि उन्हें जीविकोपार्जन में परेशानी नहीं हो. जिस तरह से बगोदर बस पड़ाव में मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाकर व्यवस्थित किया गया था. ठीक उसी तरह जरूरतमंद दुकानदारों को कॉम्प्लेक्स बनाकर दुकान देनी चाहिए. कहा कि बगोदर बाजार और बस पड़ाव में वैसे दुकानदार भी हैं जो तीन-चार दुकान को आवंटित कराये हुए हैं. इसकी भी जांच जिला प्रशासन करे. ऐसे दुकानदारों को एक दुकान देकर अन्य दुकान प्रभावित फुटपाथ दुकानदारों को देने की व्यवस्था की जाये.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
