खोरीमहुआ में धनवार पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा
ट्रकों में क्षमता से अधिक लदे थे मवेशी, पांच बछड़ों की मौत
राजधनवार :वाहन चेकिंग के दौरान रविवार की देर रात धनवार पुलिस ने खोरीमहुआ में मवेशी लदे दो ट्रक जब्त किये. दोनों ट्रक में 33 भैंस व उसके 18 बछड़े लदे थे. ट्रक में तिरपाल बांध दिया गया था. पांच बछड़ों की मौत भी हो गयी थी. पुलिस ने दोनों ट्रक को जब्त कर मवेशियों को मिर्जागंज गौशाला ले गयी, लेकिन वहां जगह नहीं होने के कारण उन्हें वापस ले आना पड़ा. फिलवक्त मवेशियों को बरजो स्थित डाॅ भाभा स्कूल के एक कंपाउंड में चौकीदारों की निगरानी में सुरक्षित रखा गया है.
सभी भैसें दुधारू हैं. व्यापारियों ने बताया कि वे पटना से मवेशी खरीदकर अपने-अपने खटाल के लिए हुगली (हावड़ा) ले जा रहे थे. इस बाबत थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह ने बताया कि एसपी के निर्देशानुसार वाहनों की जांच की जा रही है व मवेशी वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रहा है. जब्त वाहनों पर क्षमता से अधिक जानवर लदे थे, जिस कारण पांच बछड़ों की मौत भी हो गयी.
जब्त पशुओं को एक निजी परिसर में सुरक्षित रखा गया है. उनकी निगरानी व सुरक्षा के लिए चौकीदारों को तैनात किया गया है. छह मवेशी व्यापारी व दो ट्रक चालक को हिरासत में लिया गया है. कहा कि पशु क्रूरता अधिनियम के तहत वाहन चालक व मवेशी व्यपारियों पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी.
