गिरिडीह : मुफस्सिल थाना इलाके के बरहमोरिया गांव के खेल मैदान के समीप मंगलवार की शाम वज्रपात होने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी है. इस घटना में एक व्यक्ति घायल है, जिसका इलाज निजी नर्सिग होम में चल रहा है. बताया जाता है कि बरहमोरिया गांव के खेल मैदान में बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे. इस दौरान बच्चों का खेल देखने के लिए काफी संख्या में स्थानीय लोग भी जमा थे.
इसी बीच आसमान में बादल छा गया. थोड़ी देर बाद मैदान के समीप वज्रपात हुआ. वज्रपात से बरहमोरिया निवासी 40 वर्षीय मुसलिम अंसारी और 13 वर्ष का अख्तर अंसारी घायल हो गया. इस घटना के बाद मैदान में अफरातफरी मच गयी. बाद में स्थानीय निवासी मुन्ना साव, मनीर, चांद, जय सिंह पहुंचे और दोनों को इलाज के लिए निजी नर्सिग होम लाया गया. यहां पर चिकित्सक ने मुसलिम को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद मृतक को लेकर परिजन व ग्रामीण सदर अस्पताल पहुंचे. इस घटना से गांव में मातम छाया हुआ है.
