गिरिडीह : दिल्ली उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश स्व.दिलीप कपूर के घर से लूटपाट के मामले में गिरिडीह देवरी के पांच लोगों को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की गिरफ्तारी बिहार के बॉर्डर इलाके से की गयी है. आरोपियों में देवरी निवासी चनखू राय, धीरेंद्र राम, गुड्डू राय, दिनेश दास समेत पांच लोग शामिल हैं.
इनके पास से लूट का सामान भी बरामद होने की सूचना है, हालांकि पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही है. 17 सितंबर की रात को घरेलू नौकर संदीप कुमार ने अपने साथियों के साथ रिटायर्ड जज की पत्नी रिबा कपूर को उनके घर (दक्षिण पूर्वी दिल्ली की न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी) में बंधक बना लिया था. जब उनकी बेटी सिब्बी कपूर पहुंची तो दो अपराधियों ने उसे लोहे के रड से वार कर घायल कर दिया. बाद में दोनों को एक कमरे में बंद कर दिया था.
10 दिन पहले ही रखा गया था नौकर को : इस दौरान अपराधियों ने घर में रखी नकदी, ज्वेलरी समेत लगभग 20 लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ किया और पीड़ित परिवार की कार से ही फरार हो गये. अपराधियों के जाने के बाद रिटायर्ड जज की बेटी ने ही पुलिस को सूचना दी थी. बताया जाता है कि इस घटना का मुख्य साजिशकर्ता घर का नौकर संदीप कुमार है, जिसे घटना के दस दिनों पूर्व ही रखा गया था. नौकर का पुलिस वेरिफिकेशन भी पेंडिंग था.
देवरी घुसने से पहले पकड़े गये अपराधी
घटना के बाद दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने मामले की जांच की. जांच में पता चला कि संदीप व उसके साथी गिरिडीह के देवरी इलाके के रहनेवाले हैं. इस सूचना पर संदीप का डिटेल निकाला गया और दिल्ली पुलिस ने गिरिडीह एसपी सुरेंद्र कुमार झा से संपर्क साधा. दिल्ली पुलिस की जानकारी पर गिरिडीह पुलिस भी अलर्ट हो गयी.
एसपी ने देवरी थानेदार को कार्रवाई करने को कहा. इस बीच गुरुवार को दिल्ली पुलिस भी देवरी पहुंच गयी और देवरी-चकाई बॉर्डर के पास पांच लोगों को पकड़ा गया. चार लोगों को थाना में रखा गया वहीं पांचवे को लेकर दिल्ली पुलिस इलाके में छापेमारी कर रही है. अभी पुलिस के अधिकारी इस मामले पर कुछ भी जानकारी नहीं दे रहे हैं.
