गढ़वा. जैक बोर्ड की 10वीं विज्ञान परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में गढ़वा थाना में तीन परीक्षार्थियों पर प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया गया था. इसके बाद पूछताछ कर उन्हें छोड़ दिया गया है. उधर भवनाथपुर से हिरासत में लिये गये कोचिंग संचालक सहित सभी छह लोगों को भी पीआर बॉंड भरवाकर छोड़ दिया गया है. विदित हो कि गढ़वा थाना क्षेत्र से दो लड़कियों तथा एक लड़के को हिरासत में लिया गया था.. उक्त तीनो परीक्षार्थी नाबालिग हैं. वे उत्क्रमित उच्च विद्यालय सोह एवं उत्क्रमित उच्च विद्यालय ओबरा में पढ़ते हैं. इन्होंने पूछताछ के दौरान पुलिस को मामले के तार ऑनलाईन कोचिंग सेंटर फिजिक्स वाला (पीडब्ल्यू) से जुड़ा होने की बात बतायी थी, जो उडुपी कर्नाटक से संबद्ध है. परीक्षार्थियों ने बताया कि उनके भाई व बहन ने उन्हें वाट्सअप ग्रुप पर यह प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया था. हालांकि इस मामले में पुलिस की जांच जारी है. ऐसे हुआ था खुलासा गढ़वा थाना में जिन परीक्षार्थियों पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है, उनमें एक लड़की गढ़वा थाना क्षेत्र के बगही (सोह) तथा दूसरी महुलिया की रहनेवाली है. जबकि लड़का बीरबंधा का रहनेवाला है. बताया गया कि गढ़वा शहर से सटे सोनपुरवा स्थित गोपीनाथ सिंह इंटर महाविद्यालय में गुरूवार को 10वीं विज्ञान विषय की परीक्षा ली जानी थी. इसके पूर्व वहां जब परीक्षार्थियों की जांच की जा रही थी, तो उपरोक्त तीनों परीक्षार्थियों के पास से नकल पर्ची प्राप्त हुआ. परीक्षा शुरू होने के बाद जब इसका मिलान किया गया, तो इस नकल पर्ची एवं विज्ञान विषय के लिए जैक बोर्ड रांची से प्राप्त प्रश्नपत्र सह उत्तरपुस्तिका में अंकित प्रश्नों का क्रम संख्या हू-ब-हू पाया गया. इसके बाद इन परीक्षार्थियों से परीक्षा अवधि में ही पूछताछ की गयी, तो उनमें से एक ने बताया कि ऑनलाइन कोचिंग संस्थान फिजिक्स वाला के एक टीचर से उन्हें वाट्सअप पर यूट्यूब लिंक के माध्यम से प्रश्नपत्र प्राप्त हुआ है. इनमें से दो परीक्षार्थियों ने उनके भाई एवं बहन के मोबाइल फोन से प्रश्नपत्र मिलने की बात कही थी. जांच के लिए बनी टीम : इसके बाद वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर जिला प्रशासन ने अलग-अलग टीम बनाकर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास शुरू किया. इसके लिए डीएसपी यशोधरा, प्रशिक्षु डीएसपी चिरंजीवी मंडल, एसडीओ संजय कुमार, अंचल पदाधिकारी शफी आलम, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैसर रजा, एसडीपीओ गढ़वा निरज कुमार, सीसीआर संतोष कुमार, एसआई राजनंदिनी को मिलाकर तीन अलग-अलग टीम गठित की गयी. जांच के क्रम में देर रात एवं शुक्रवार तक करीब 20 अलग-अलग लोगों से पूछताछ की जा चुकी थी. इसमें प्राथमिकी दर्ज किये गये परीक्षार्थियों के गढ़वा जिले के डंडा एवं उंटारी रोड स्थित उनके रिश्तेदार के अलावे स्थानीय लोग भी शामिल हैं. भवनाथपुर में भी हुई थी पूछताछ : इसी तरह से भवनाथपुर थाना में एक कोचिंग संचालक शाहिद अंसारी, चार मैट्रिक व एक इंटर के छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी थी. इसके बाद उन्हें थाना से ही पूछताछ के बाद पीआर बॉंड पर छोड़ दिया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
