भवनाथपुर. भवनाथपुर प्रखंड अंतर्गत मकरी-भवनाथपुर मुख्य पथ पर बढ़का बांध के समीप बुधवार की सुबह बच्चों को स्कूल ले जा रहा एक टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया. इस दुर्घटना में छह बच्चे गिरकर घायल हो गये. इसमें मकरी गांव के ही दीपांजलि कुमारी, काजल कुमारी, आंचल कुमारी, पीयूष विश्वकर्मा, अंशु गुप्ता व आयुष कुमार शामिल हैं. सभी घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए लाया गया है. घटना की जानकारी देते हुए घायल बच्चों ने बताया कि वे लोग अपने घर से पढ़ने के लिए भवनाथपुर स्थित शिशु विद्या मंदिर जा रहे थे. मकरी गांव में ही अवधेश बैठा नामक व्यक्ति उक्त टेंपो पर बैठ गया. उसने शराब पी रखी थी. वह बैठते ही ड्राइवर से बहस करने लगा. इसी क्रम में मकरी बड़का बांध के समीप टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया. टेंपो पलटने के बाद टेंपो चालक मौके से फरार हो गया, जबकि अवधेश बैठा भी गिरकर घायल हो गया. उसका एक पैर टूट गया है. उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया गया है. घटना की सूचना मिलने पर विद्यालय के शिक्षक और भवनाथपुर पुलिस ने घटनास्थल पर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाकर घटना की जानकारी ली. सभी बच्चों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है. सभी खतरे से बाहर बताये गये हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
