मनोज कुमार दुबे की रिपोर्ट
मझिआंव (गढ़वा). मझिआंव प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय ऊंचरी की सहायक शिक्षिका शाइस्ता सुल्ताना के साथ गाली-गलौज और दुर्व्यवहार के मामले में मझिआंव पुलिस ने आरोपी योगेंद्र चंद्रवंशी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
मझिआंव थाना में दर्ज हुआ था मामला
पुलिस के अनुसार, शिक्षिका की लिखित शिकायत पर मझिआंव थाना कांड संख्या 87/2026, दिनांक 11 सितंबर 2026 को दर्ज किया गया है. प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 115(2), 132, 329(4), 351(2) एवं 352 के तहत कार्रवाई की गयी है.
ये भी पढ़ें: PM मोदी के 25 वर्ष सेवा के उपलक्ष्य में भाजपा का सेवा पखवाड़ा: पलामू MP बीडी राम बोले- मनेगा दीपोत्सव
घटना के बाद बिगड़ गयी थी तबीयत
बताया गया कि गुरुवार को योगेंद्र चंद्रवंशी विद्यालय पहुंचा और शिक्षिका के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार किया. घटना के बाद शिक्षिका की तबीयत बिगड़ गयी. उन्हें बेहोशी की हालत में मझिआंव रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
ये भी पढ़ें: गढ़वा में बच्चों की स्कूल यात्रा पर सवाल, 5 बसों में 3 खराब, 2 में नहीं मिला फर्स्ट एड-जीपीएस
पूर्व में भी नशे की हालत में कर चुका है हंगामा
शिक्षिका ने पुलिस को दिये आवेदन में आरोप लगाया था कि उक्त युवक पूर्व में भी नशे की हालत में विद्यालय पहुंचकर हंगामा कर चुका है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
