गढ़वा. जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त शेखर जमुआर ने कहा है कि पेपर लीक की अफवाह फैलाना एक संगीन अपराध है. आरोपी के विरूद्ध भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी. साथ ही झारखंड अधिविद्य परीक्षा नियमावली में निहित प्रावधान के तहत भी कानूनी कार्रवाई होगी. उपायुक्त ने कहा कि झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक), रांची द्वारा आयोजित वार्षिक माध्यमिक परीक्षा-2025 का संचालन गढ़वा जिला में पूरी सतर्कता के साथ किया जा रहा है. परीक्षा को लेकर सोशल मीडिया में कुछ अफवाह फैलाने का मामला जिला प्रशासन के संज्ञान में आया है, इस मामले में साईबर सेल एवं प्रशासनिक पदाधिकारी ने जांच कर कार्रवाई की है. जैक से प्राप्त प्रश्न-सह-उत्तर पुस्तिका को कोषागार एवं संबंधित बैंक के बज्रगृह में सुरक्षित रखा गया है. बज्रगृह सीसीटीवी कैमरे की नजर में तथा सुरक्षा बल की देखरेख में है. परीक्षा की तिथि को निर्धारित विषय का प्रश्न-सह-उत्तर पुस्तिका गश्ती दल दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी द्वारा वीडियोग्राफी/ सीसीटीवी कैमरा की निगरानी में केंद्राधीक्षक को उपलब्ध करायी जाती है. इसी तरह परीक्षा समाप्ति के बाद गश्ती दल दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी के द्वारा प्रश्न-सह-उत्तर पुस्तिका कोषागार, गढ़वा के बज्रगृह में सुरक्षित रखी जाती है. इसमें जैक के पदाधिकारी व कर्मी भी सुरक्षाबल के साथ रहते हैं. साइबर सेल सक्रिय : उपायुक्त ने कहा कि गढ़वा जिला में साइबर सेल नियमित रूप से कार्यशील है. वहीं सोशल मीडिया पर भी जिला प्रशासन की नजर है. साइबर सेल गढ़वा के कंट्रोल रूम का संपर्क नंबर 76439-84021 है. इसपर संबंधित सूचना दी जा सकती है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
