रमना, गढ़वा: रमना रेलवे स्टेशन से पटना जाने वाले यात्रियों के लिए सिंगरौली-पटना एक्सप्रेस अब सुविधा से अधिक परेशानी का कारण बनती जा रही है. ट्रेन संख्या 13349-50 का परिचालन मध्यरात्रि के बाद होने से यात्रियों को देर रात स्टेशन पहुंचकर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है. सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और इलाज व पढ़ाई के लिए पटना जाने वाले यात्रियों को हो रही है. स्थानीय लोगों ने ट्रेन का समय बदलकर फिर शाम करीब आठ बजे करने की मांग की है.
ग्रामीण प्रसाद गुप्ता ने बताया कि रमना क्षेत्र से पटना जाने के लिए यह महत्वपूर्ण ट्रेन है, लेकिन आधी रात के बाद परिचालन होने से यात्रियों को काफी असुविधा होती है. रात में स्टेशन पर पर्याप्त यात्री सुविधाएं नहीं होने से परेशानी और बढ़ जाती है. स्टेशन पर महिलाओं के लिए शौचालय की सुविधा नहीं है. यात्रियों के बैठने के लिए समुचित प्रतीक्षालय और पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था भी नहीं है.
स्थानीय ग्रामीण बबलू गुप्ता ने बताया कि पहले ट्रेन शाम करीब आठ बजे आती थी. उस समय परिवार के साथ यात्रा करना अपेक्षाकृत आसान था. अब मध्यरात्रि में समय होने के कारण पटना पढ़ाई करने जाने वाले विद्यार्थियों और इलाज के लिए जाने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है. उन्होंने ट्रेन के समय में करीब चार घंटे का बदलाव कर इसे पुनः शाम आठ बजे करने की मांग की.
सांसद से पहल कराने की तैयारी
समाजसेवी मुन्ना प्रसाद ने कहा कि समस्या को लेकर सांसद से ट्रेन का समय बदलने की मांग की गयी है. उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी इस समस्या के समाधान के लिए रेलवे स्तर पर पहल जरूरी है. स्थानीय यात्रियों ने ट्रेन का समय सुविधाजनक करने के साथ स्टेशन पर शौचालय, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और रात के समय सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त करने की मांग की है. इससे रमना के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को भी राहत मिलेगी.
