चिकित्सा के क्षेत्र में संवेदनशीलता सबसे जरूरी: डॉ केनेडी

चिकित्सा के क्षेत्र में संवेदनशीलता सबसे जरूरी: डॉ केनेडी

प्रतिनिधि, गढ़वा

गढ़वा जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से नवनियुक्त संविदा स्वास्थ्य कर्मियों के लिए आयोजित सात दिवसीय जिलास्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार को हुआ. कार्यक्रम का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ जॉन एफ केनेडी ने दीप प्रज्वलित कर किया. प्रशिक्षण के पहले दिन नवागत स्वास्थ्य कर्मियों को विभागीय कार्यप्रणाली और आधारभूत स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गयीं. सिविल सर्जन डॉ जॉन एफ केनेडी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग से जुड़ने के साथ ही कर्मियों की समाज के प्रति जिम्मेदारियां बढ़ जाती हैं. उन्होंने कहा कि सात दिनों तक मिलने वाली तकनीकी और व्यावहारिक जानकारी भविष्य में कर्मियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी. प्रशिक्षण के बाद सभी कर्मियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में जाकर सीखी गयी बातों को प्रभावी तरीके से लागू करना होगा. उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में अनुशासन, समर्पण और संवेदनशीलता सबसे जरूरी हैं. मरीज सरकारी अस्पतालों में भरोसे के साथ आते हैं, इसलिए उनकी सेवा पूरी निष्ठा और ईमानदारी से की जानी चाहिए.

कर्मियों को दी योजनाओं की जानकारी

इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) गौरव कुमार ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और स्वास्थ्य कर्मियों की जिम्मेदारियों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है. प्रशिक्षण शिविर में अगले सात दिनों तक विशेषज्ञों द्वारा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, परिवार कल्याण, संक्रामक रोग नियंत्रण, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं, अस्पताल प्रबंधन और मरीजों के प्रति सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Akarsh Aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >