रमकंडा. प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत रमकंडा प्रखंड की चेटे पंचायत में करोड़ों रु की लागत से बन रही सड़क में अनियमितता बरती जा रही है. मिट्टी मिले घटिया बालू से पीसीसी सड़क की ढलाई होते ही दरारें पड़ते देख ग्रामीणों ने सड़क निर्माण का विरोध शुरू कर दिया है. पटसर गांव के ग्रामीण मोहन यादव, जावीद खान, मनान अंसारी, नाजिर आलम खान, वकील खान, रामजीत परहिया, श्रवण यादव, मुलायम यादव, विजय यादव, नियाजुदिन अंसारी, हामिद अंसारी, मीना देवी व शांति देवी ने बताया कि इसके पहले भी गड़बड़ी होने पर ग्रामिणों ने इसका विरोध किया था. लेकिन संवेदक ने तुरंत पुलिस बुलाकर ग्रामीणों पर ही दबाव बना दिया, ताकि विरोध न हो सके. ग्रामीणों ने बताया कि पटसर गांव के हाई स्कूल के समीप संवेदक ने मानक के अनुरूप कार्य नही किया है. वहीं मिट्टी मिले बालू से सड़क की ढलाई की जा रही है. बताया कि सड़क ढलाई होने के 24 घंटे के अंदर इसमें कई जगहों पर दरारें पड़ गयी. इसे छुपाने के लिए संवेदक ने ऊपर से इसकी सीमेंट से लिपाई कर दी. ग्रामीणों के अनुसार इस मामले की शिकायत की गयी है. लेकिन बालू की गुणवत्ता में कोई सुधार नही किया गया. ग्रामीणों ने बताया कि पिछले एक वर्ष से अधिक समय से इस रोड में सड़क निर्माण चल रहा है. ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मामले की जांच कर गुणवत्ता पूर्ण काम कराने की मांग की है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
