रमना. केंद्र सरकार द्वारा लाये गये एमएमआरडी बिल के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से शनिवार को रमना प्रखंड कार्यालय के समीप धरना-प्रदर्शन किया गया. इसमें विधायक अनंत प्रताप देव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ताहिर अंसारी समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व समर्थक शामिल हुए.
धरना के दौरान झामुमो नेताओं व कार्यकर्ताओं ने एमएमआरडी बिल वापस लेने की मांग को लेकर विरोध जताया. विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि झारखंड जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है. यहां के प्राकृतिक संसाधनों से स्थानीय लोगों का गहरा जुड़ाव है.
ऐसे में राज्य के हितों और अधिकारों को ध्यान में रखकर ही नीतियां बनायी जानी चाहिए. राज्य के अधिकारों और हितों से जुड़े विषयों पर किसी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता.उन्होंने कहा कि एमएमआरडी बिल को लेकर झामुमो अपनी आपत्ति दर्ज करा रहा है. बिल वापस लेने की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा.
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ताहिर अंसारी ने कहा कि एमएमआरडी बिल को लेकर झामुमो का विरोध स्पष्ट है. यह झारखंड के अधिकारों और आम लोगों के हितों से जुड़ा मुद्दा है. बिल वापस लेने की मांग को लेकर पार्टी चरणबद्ध आंदोलन जारी रखेगी.
उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को इस मुद्दे के प्रति जागरूक करने की अपील की.धरना के दौरान कार्यकर्ताओं ने बिल वापस लेने की मांग को लेकर नारेबाजी की. नेताओं ने कहा कि राज्य के हितों से जुड़े मुद्दों पर पार्टी आगे भी आंदोलन जारी रखेगी.
मौके पर विधायक प्रतिनिधि रोहित वर्मा, प्रखंड अध्यक्ष विशेश्वर मेहता, अनुज कुमार, मुन्ना प्रसाद, नरेश गुप्ता, राकेश सिंह, रामचंद्र राम, भृगुण पासवान, चितरंजन सिंह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे.
