भंडरिया( गढ़वा). भंडरिया मुख्यालय स्थित मिशन मध्य विद्यालय का 47वां वार्षिकोत्सव समारोह सोमवार को धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन पुरोहित अलेक्सियुस गुड़िया, छोटानागपुर डायोसिस सीएनआई मसीही सेवा महिला समिति की अध्यक्ष डॉ. सुमन मंजुला कुजूर, श्रीमती अनुपमा चौधरी, श्रीमती नीलम सांगा एवं भंडरिया की उप प्रमुख श्रद्धा देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. छात्राओं के द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत गीत के साथ स्वागत किया गया.
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथियों ने कहा कि मिशन मध्य विद्यालय पिछले 47 वर्षों से क्षेत्र में शिक्षा का अलख जगाते हुए विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है.विद्यालय के अनेक छात्र-छात्राएं शिक्षा प्राप्त करने के बाद विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत हैं, जो विद्यालय के लिए गौरव की बात है. इस अवसर पर नर्सरी से सातवीं कक्षा तक के सभी छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन सामग्री से युक्त बैग किट प्रदान किया गया. किट में कॉपी, किताब, पेंसिल, बैग सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री शामिल थी. सामग्री मिलने पर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखा गया.
वार्षिकोत्सव के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए. विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य, कॉमेडी एवं विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक जेम्स कुजूर ने किया. मौके पर पुरोहित मीना किशोरिया, पुरोहित लिली कच्छप, मेरोलिन बाखला, रॉबिंसन कच्छप, पूनम कुजूर सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अन्य लोग उपस्थित थे.
