गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में झारखंड राज्य आजीविका कर्मचारी संघ ने राज्यव्यापी कलमबंद हड़ताल की अवधि का वेतन काटे जाने का विरोध किया है. इस संबंध में संघ ने बुधवार को उप विकास आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर वेतन कटौती पर तत्काल रोक लगाने और पूरा वेतन भुगतान करने की मांग की.
कर्मियों ने 21 जुलाई से 3 अगस्त तक की थी हड़ताल
संघ और झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने बताया कि जेएसएलपीएस के एल-फाइव से एल-एट स्तर तक के कर्मियों ने 21 जुलाई से 3 अगस्त तक राज्यव्यापी कलमबंद हड़ताल की थी. आंदोलन समाप्त होने के बाद राज्य कार्यालय ने कर्मियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए संबंधित कार्यालय आदेश भी जारी कर दिया है.
संघन ने वेतन काटे जाने से किया मना
संघ का कहना है कि राज्य के 24 जिलों में से 23 जिलों में हड़ताल अवधि का पूरा वेतन दिया जा रहा है और किसी भी स्तर के कर्मियों का वेतन नहीं काटा गया है. जबकि केवल गढ़वा जिले में एल-सेवन और एल-एट स्तर के कर्मियों का वेतन काटा जा रहा है. संघ ने इसे भेदभावपूर्ण बताते हुए तत्काल वेतन कटौती रोकने की मांग की है.
