केतार आयुष्मान आरोग्य मंदिर में नौ महीने बाद हुई एएनएम की बहाली, आज से शुरू होगी प्रसव सेवा

केतार आयुष्मान आरोग्य मंदिर में नौ महीने बाद हुई एएनएम की बहाली, आज से शुरू होगी प्रसव सेवा

संदीप कुमार, केतार

केतार प्रखंड के राजघाटी स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में स्वास्थ्य सुविधाओं की बहाली का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार सोमवार को समाप्त हो गया. नवनियुक्त एएनएम अनुराधा कुमारी ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर विधिवत योगदान दिया. इस अवसर पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर के सीएचओ राजेश महली मौजूद रहे. अनुराधा कुमारी इससे पहले पांकी में एएनएम के पद पर कार्यरत थीं. वहीं स्वास्थ्य विभाग ने भंडरिया की मोनिका मिंज को जीएनएम के रूप में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, केतार में पदस्थापित किया है. उन्होंने भी सोमवार को अपना योगदान दे दिया. इन दोनों की तैनाती से क्षेत्र की ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद बढ़ गयी है. वहीं मंगलवार से अस्पताल में प्रसव सेवा शुरू हो जायेगी. गौरतलब है कि राजघाटी आयुष्मान आरोग्य मंदिर में कार्यरत दोनों एएनएम का विभाग द्वारा एक साथ स्थानांतरण कर दिया गया था. इसके बाद तीन सितंबर 2025 से केंद्र पर एएनएम का पद खाली था. लगभग नौ माह तक एएनएम नहीं रहने के कारण प्रसव सेवा पूरी तरह बंद रही. इससे केतार, बलिगढ़ और आसपास के दर्जनों गांवों की गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी. आपातकालीन स्थिति में लोगों को निजी अस्पतालों या जिला मुख्यालय का रुख करना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ती थी. ग्रामीणों ने बताया कि नियमित स्वास्थ्यकर्मियों की अनुपस्थिति के कारण मरीजों ने केंद्र पर आना लगभग बंद कर दिया था. रात के समय अस्पताल परिसर पूरी तरह सुनसान रहता था. सुरक्षा और देखरेख के अभाव में सरकारी भवन तथा लाखों रुपये के चिकित्सा उपकरणों के नुकसान की भी आशंका बनी रहती थी.

एएनएम व जीएनएम की जॉइनिंग से ग्रामीणों में खुशी का माहौल

एएनएम और जीएनएम की जॉइनिंग के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल है. स्थानीय लोगों ने दोनों स्वास्थ्यकर्मियों का स्वागत किया. सीएचओ राजेश महली ने बताया कि अब केंद्र पर प्रसव सेवा सहित अन्य सभी प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं नियमित रूप से चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेंगी. क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अब गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और रात में बीमार होने पर भी लोगों को समय पर प्राथमिक उपचार मिल सकेगा .

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Akarsh Aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >