Garhwa: कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की बीमार छात्राओं से मिले डीसी, सभी की स्थिति सामान्य

Garhwa: गढ़वा के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की बीमार छात्राओं से उपायुक्त (DC) ने अस्पताल पहुंचकर मुलाकात की. उन्होंने छात्राओं के स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों से उपचार की समीक्षा की. प्रशासन के अनुसार सभी छात्राओं की स्थिति अब सामान्य है. पूरी खबर नीचे पढ़ें...

Garhwa: खरौंधी प्रखंड के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में शुक्रवार शाम अचानक अस्वस्थ हुई छात्राओं का हाल जानने शनिवार को उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवनाथपुर पहुंचे. उन्होंने अस्पताल में भर्ती प्रत्येक छात्रा से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने कहा कि सभी छात्राओं की स्थिति अब सामान्य है और पूरी तरह नियंत्रण में है. एक बड़ा हादसा चिकित्सकों की तत्परता से टल गया.

शुक्रवार को 100 से ज्यादा छात्राएं हुई थीं बीमार

शुक्रवार रात विद्यालय की 100 से अधिक छात्राओं के अचानक अस्वस्थ होने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया था. अस्पताल में भर्ती छात्राओं ने उपायुक्त को बताया कि रात का भोजन करने के बाद उन्होंने विद्यालय की टंकी का गर्म पानी पी लिया था. इसके कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. छात्राओं ने बताया कि इलाज के बाद अब वे पहले से काफी बेहतर हैं. केवल कुछ छात्राओं को हल्का सिरदर्द है, जिसका उपचार जारी है.

प्राथमिक उपचार के बाद कई छात्राओं को छोड़ा गया

प्रशासन के अनुसार, सभी छात्राओं को तत्काल भवनाथपुर सीएचसी पहुंचाकर इलाज कराया गया. प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश छात्राएं शुक्रवार रात ही स्वस्थ होकर अपने अभिभावकों के साथ घर लौट गयीं. केवल कुछ छात्राओं को एहतियात के तौर पर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है, जिन्हें जल्द छुट्टी दे दी जायेगी.

रातभर मुस्तैद थी मेडिकल टीम

घटना के बाद उपायुक्त ने सिविल सर्जन को अलर्ट रहने का निर्देश दिया था, जिसके बाद भवनाथपुर सीएचसी और नगर ऊंटारी अनुमंडलीय अस्पताल की मेडिकल टीम शुक्रवार को रातभर मुस्तैद थी.

छात्राओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : डीसी

अस्पताल निरीक्षण के दौरान उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने कहा कि आवासीय विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं का स्वास्थ्य, सुरक्षा और बेहतर आवासीय व्यवस्था जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि सभी छात्राओं को पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद ही डिस्चार्ज किया जाये.

ये भी पढ़ें…

Garhwa: कस्तूरबा विद्यालय में फूड प्वाइजनिंग मामले में बड़ी कार्रवाई, DC ने वॉर्डन समेत 5 को किया बर्खास्त

गढ़वा कस्तूरबा गांधी आवासीय स्कूल फूड प्वाइजनिंग मामला: अभिभावकों ने लगाए खाने पर गंभीर आरोप

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >