शुरू होने से पहले ही टूटने लगी सिंचाई परियोजना की पाइप

शुरू होने से पहले ही टूटने लगी सिंचाई परियोजना की पाइप

प्रतिनिधि, भवनाथपुर भवनाथपुर प्रखंड में भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ””””सोन कनहर पाइप लाइन सिंचाई परियोजना”””” शुरू होने से पहले ही दम तोड़ती नजर आ रही है. यह योजना सूखे जलाशयों, तालाबों और खेतों तक सिंचाई और पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की गयी थी. इस योजना का मुख्य उद्देश्य सोन नदी से पानी लिफ्ट कर भूमिगत पाइपलाइन के माध्यम से क्षेत्र में जलापूर्ति करना है. इसके लिए केतार प्रखंड के खैरवा गांव में लिफ्ट इरिगेशन सिस्टम भी बनाया गया है. योजना के प्राक्कलन के अनुसार, पाइप को सुरक्षित रखने के लिए सड़क के किनारे तीन फीट गहरा गड्ढा खोदकर पाइपलाइन भूमिगत बिछानी थी. लेकिन संवेदक ने नियमों की अनदेखी करते हुए पाइपलाइन को सड़क के किनारे ऊपर ही खुला छोड़ दिया. इसके कारण योजना शुरू होने से पहले ही शरारती तत्वों ने पाइपलाइन को कई जगह तोड़ दिया है. गढ़वा जिले के 18 प्रखंडों सहित भवनाथपुर में यह योजना तेजी से चल रही है, लेकिन लापरवाही के कारण सीघीताली गांव के ग्रामीणों में भारी नाराजगी है. स्थानीय ग्रामीण रविकांत चौबे, सुशील कुमार चौबे, जितेंद्र कुमार चौबे, पप्पू चौबे और सोनू चौबे ने बताया कि योजना अभी पूरी तरह शुरू भी नहीं हुई है और पाइपलाइन टूटना शुरू हो गयी है. ऐसे में योजना का लाभ क्षेत्र के लोगों तक पहुंच पाना मुश्किल दिख रहा है. इसको लेकर भाजपा नेता प्रदीप कुमार चौबे ने पीएमओ में लिखित शिकायत दर्ज करायी है और दोषी संवेदक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Akarsh Aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >