हरिहरपुर. हरिहरपुर ओपी क्षेत्र के कवलदाग जंगल में हथियार का भय दिखाकर दिनदहाड़े अपाची बाइक लूटने के मामले में पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. घटना केतार थाना क्षेत्र के परसोडीह गांव निवासी एक व्यक्ति के साथ हुई थी.
घटना के बाद भुक्तभोगी ने हरिहरपुर ओपी में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी. पुलिस की छानबीन के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया.
ओपी प्रभारी असफाक आलम ने बताया कि गिरोह में शामिल बदमाश गढ़वा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बाइक लूट और मारपीट कर दहशत फैलाने में संलिप्त थे. बगल के राज्यों में भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने की बात सामने आयी है.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशुनपुरा थाना क्षेत्र के पतिहारी गांव निवासी शाबीर अंसारी, पिता उस्मान अंसारी के रूप में हुई है. उसे यूपी के सोनभद्र जिले के पिपरा थाना की पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया गया.
ओपी प्रभारी ने बताया कि गिरोह में शामिल अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है.
