गढ़वा: सरकारी राशन दुकानों में आग से बचाव के इंतजाम गायब, पुराने रिकॉर्ड चस्पा कर रहे डीलर

Garhwa News: गढ़वा जिले में जन वितरण प्रणाली की दुकानों की औचक जांच में लापरवाहियां सामने आई. कई दुकानों में आग से बचाव के कोई इंतजाम नहीं मिले. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

गढ़वा से अविनाश की रिपोर्ट

Garhwa News: झारखंड के गढ़वा जिले में जन वितरण प्रणाली की दुकानों में चल रही लापरवाही का बड़ा खुलासा हुआ है. उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देश पर जब प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों ने दुकानों का औचक निरीक्षण किया, तो दावों के उलट धरातल पर कई गड़बड़ियां पकड़ी गईं. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि गरीबों के हक में सेंधमारी या सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले डीलरों को बख्शा नहीं जाएगा.

सुरक्षा मानकों की अनदेखी 

जांच के दौरान सबसे चौंकाने वाली बात सुरक्षा मानकों की अनदेखी रही. कई दुकानों में आग से बचाव का कोई इंतजाम नहीं मिला. न तो वहां अग्निशमन यंत्र लगे थे और न ही आपात स्थिति के लिए बालू भरी बाल्टियां रखी गई थीं. घनी आबादी के बीच स्थित इन दुकानों में यह बड़ी लापरवाही किसी बड़े हादसे को दावत दे सकती है.

सालों पुरानी सूची चस्पा

जांच में पाया गया कि डिजिटल इंडिया के दौर में भी कई डीलर पुराने ढर्रे पर चल रहे हैं. निरीक्षण में पाया गया कि कई दुकानों पर नोटिस बोर्ड अपडेट ही नहीं थे. कई जगहों पर लाभुकों की सालों पुरानी सूची चस्पा थी, जिससे नए राशन कार्डधारियों को जानकारी मिलने में कठिनाई हो रही थी. 

प्रशासन ने दी चेतावनी

प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल रिकॉर्ड दुरुस्त करने की चेतावनी दी है. डीसी अनन्य मित्तल ने कहा कि खाद्यान्न वितरण में पारदर्शिता सबसे ऊपर है. कालाबाजारी या लापरवाही बरतने वाले डीलरों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.सभी खामियों को जल्द से जल्द दूर करने का अल्टीमेटम दिया गया है. बताया गया कि कांडी, डंडई, चिनियां, बरडीहा, मंझिआंव और विशुनपुरा प्रखंडों से जांच प्रतिवेदन जिला आपूर्ति कार्यालय को भेज दिया गया है. इन रिपोर्टों के आधार पर गड़बड़ी करने वाले डीलरों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है. 

इन बिंदुओं पर भी गिरी गाज

स्टॉक में हेराफेरी की आशंका: ई-पॉस मशीन, स्टॉक रजिस्टर और विक्रय पंजी के मिलान में कई खामियां मिलीं.

सूचना पट्ट का गायब होना: कुछ दुकानों पर तो खाद्यान्न दर और कार्डधारियों से जुड़ी जानकारी का बोर्ड ही गायब मिला.

नेटवर्क का बहाना: कुछ दुकानदारों ने राशन वितरण में देरी के लिए नेटवर्क की समस्या का रोना रोया, जिसकी भी जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ें: ममता की प्रतिमूर्ति बीजो देवी: गुमला में 52 अनाथ बच्चों के लिए बनीं ‘यशोदा मां’, माड़ पिलाकर पाला-पोसा

यह भी पढ़ें: गुमला में अपहरणकर्ताओं को चकमा दिया 5वीं का छात्र, मासूम ने अपराधियों के मंसूबों पर फेरा पानी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sweta Vaidya

श्वेता वैद्य प्रभात खबर में लाइफस्टाइल बीट के लिए कंटेंट लिखती हैं. वह पिछले एक साल से व्यंजन (Recipes), फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे विषयों पर लेख लिख रही हैं. उनका उद्देश्य पाठकों को रोजमर्रा की जिंदगी को आसान और स्टाइलिश बनाने के लिए प्रैक्टिकल टिप्स देना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >