गढ़वा में सरस्वतिया नदी को बचाने के लिए प्रशासन सख्त

Garhwa News: गढ़वा में “आपन सरस्वतिया” अभियान के तहत प्रशासन ने विलुप्त होती सरस्वतिया नदी को अतिक्रमण मुक्त और स्वच्छ बनाने की कार्रवाई तेज कर दी है. नदी के प्रवाह क्षेत्र में बाधा पहुंचाने वाले करीब 80 लोगों को नोटिस जारी किया गया है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

गढ़वा से अविनाश की रिपोर्ट 

Garhwa News: झारखंड के गढ़वा जिले के सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार ने “आपन सरस्वतिया” अभियान की शुरुआत करते हुए गढ़वा की जीवनदायिनी और विलुप्तप्राय होती सरस्वतिया नदी को पुनः अविरल, साफ और अतिक्रमण मुक्त बनाने की दिशा में कार्रवाई तेज कर दी है.

नदी के प्रवाह क्षेत्र में अतिक्रमण करने वालों को नोटिस

इस अभियान के तहत अंचल पदाधिकारी गढ़वा द्वारा पूर्व में कराए गए सर्वेक्षण तथा स्थानीय लोगों से मिले फीडबैक के आधार पर प्रवाह क्षेत्र को बाधित करने वाले लगभग 80 लोगों को नोटिस थमाया गया है. नोटिस पाने वाले सभी संबंधित लोगों से यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि किन परिस्थितियों में उन्होंने नदी के प्रवाह क्षेत्र को बाधित किया और अपना पक्ष रखने के लिए उन्हें 10 दिनों का समय दिया गया हैं.

जनसहयोग से नदी को पुनर्जीवित करने की तैयारी

एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि इस अभियान के तहत विलुप्तप्राय होती सरस्वतिया नदी को जनसहयोग से पुनर्जीवित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसमें एक ओर सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय स्वच्छता कार्यकर्ताओं की मदद से सफाई तथा गाद हटाने का कार्य कराया जाना है, तो वहीं दूसरी ओर संबंधित विभागों को भी आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं.

अतिक्रमण नहीं हटने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि यदि स्थायी या अस्थाई अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई तो धीरे-धीरे नदी भूमि कब्जे की प्रवृत्ति नदी के अस्तित्व को ही समाप्त कर देगी, इसी को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है.

​इन इलाकों के अतिक्रमणकारियों पर गिरेगी गाज

​प्रशासन द्वारा जिन लोगों को नोटिस भेजा जा रहा है, उनमें मुख्य रूप से गढ़वा बाजार, उंचरी, सोनपुरवा, नगवां, दिपुआं, जोबरइया और पिपरा कला आदि क्षेत्रों के लोग शामिल हैं.प्रशासन की इस मुस्तैदी और कड़ी कार्रवाई से जहां नदी को नया जीवन मिलने की उम्मीद जगी है, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र के अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है.

यह भी पढ़ें: Ramgarh: आर्यिका माताओं की सड़क दुर्घटना में समाधि को लेकर जैन समाज में आक्रोश, निकाली गयी मौन रैली

यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव से पहले JMM का बड़ा कदम, हॉर्स ट्रेडिंग की आशंका पर चुनाव आयोग को लिखा पत्र

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Priya Gupta

प्रिया गुप्ता प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक वर्ष से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह झारखंड बीट पर काम कर रही हैं, जहां वह खबरों को आसान भाषा में लिखती हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल बीट पर काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने हेल्थ, रेसिपी, मेहंदी डिजाइन और फैशन से जुड़ी खबरों पर काम किया. इसके अलावा, उन्होंने नेशनल प्रिंटर और लोकल चैनलों में भी काम किया है. उन्होंने ग्रेजुएशन की पढ़ाई डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से और मास्टर की पढ़ाई एमिटी यूनिवर्सिटी झारखंड से पूरी की है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >