गढ़वा. भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी जिला शाखा गढ़वा के तत्वावधान में रंका मोड़ पर डेंगू एवं चिकनगुनिया से बचाव को लेकर जन-जागरूकता अभियान चलाया गया. इस दौरान सोसाइटी के सदस्यों ने आम लोगों के बीच हैंडबिल वितरित कर डेंगू और चिकनगुनिया के कारण, लक्षण एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी.
घर और आसपास पानी जमा नहीं होने दें
अभियान के दौरान लोगों को घर और आसपास स्वच्छता बनाये रखने तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने के लिए प्रेरित किया गया. सदस्यों ने बताया कि घरों के आसपास पानी जमा रहने से मच्छरों के पनपने की संभावना बढ़ जाती है. इसलिए कूलर, गमले, पुराने टायर, टूटे बर्तन, डिब्बे और अन्य स्थानों पर पानी जमा नहीं होने देना चाहिए.
लोगों से पानी की टंकियों और बर्तनों को ढककर रखने तथा नियमित रूप से उनकी सफाई करने की भी अपील की गयी.
बीमारी का इंतजार नहीं, पहले से बरतें सावधानी
कार्यक्रम का संचालन भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के वाइस चेयरमैन विनोद कमलापुरी ने किया. उन्होंने कहा कि डेंगू और चिकनगुनिया से बचाव के लिए बीमारी फैलने का इंतजार नहीं करना चाहिए, बल्कि पहले से ही जरूरी एहतियाती कदम उठाने चाहिए. उन्होंने लोगों से अपने आसपास स्वच्छता रखने और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने में सहयोग करने की अपील की.
लोगों को मच्छरों से बचने के लिए मच्छरदानी और रिपेलेंट का इस्तेमाल करने तथा पूरी बांह के कपड़े पहनने की सलाह दी गयी.
अभियान को सफल बनाने में रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. मुरली प्रसाद, वाइस चेयरमैन विनोद कमलापुरी, सचिव डॉ. जेपी सिंह, कोषाध्यक्ष रामनारायण प्रसाद, जिला एडमिन अमन गुप्ता, लाइफ मेंबर रघुवीर प्रसाद, विनोद गुप्ता, एमपी केशरी, मनोज केसरी पोस्ट ऑफिस, मुकेश ठाकुर, सुजीत कुमार सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही.
