डंडई. डंडई थाना क्षेत्र के तसरार के चकरी गांव में शुक्रवार की रात हाथियों ने फिर उत्पात मचाया. हाथियों का झुंड चकरी गांव मेें घुसकर रातभर गेहूं की फसलों को रौंदता रहा. इन्हें भगाने के लिए ग्रामीण रातभर जागते रहे. तड़के हाथियों के जंगल में जाने पर लोगों ने राहत की सांस ली. विदित हो कि इस क्षेत्र में हाथी लगातार फसलें रौंद रहे हैं. अब तक कई किसानों की गेहूं व अन्य फसल का नुकसान कर चुके हैं. किसान शिव कुमार कोरवा ने कहा कि दो एकड़ में लगी उसकी गेहूं का फसल हाथियों ने बर्बाद कर दिया है. वहीं किरण देवी, रामाधार कोरवा, राम प्रवेश कोरवा, विनोद कोरवा व शंकर कोरवा की भी फसल गेहूं और अरहर की फसल बर्बाद कर दी. हाथियों के आतंक से गांव में दहशत का माहौल है. लोग हमेशा भय में रहते हैं कि कहीं उन लोगों के घर पर भी हाथी हमला न बोल दे. ग्रामीण रात भर आग व टायर जलाकर तथा टीन पीट कर किसी तरह हाथियों को भगाने का प्रयास किया जाता है. ग्रामीणों ने वन विभाग को हाथियों से हुए नुकसान का मुआयना करने की मांग की है. वन विभाग देगा मुावजा : इस संबंध में वनों के क्षेत्र पदाधिकारी गोपाल चंद्रा ने बताया कि जिन- जिन किसानों की फसल बर्बाद हई है, उनका अंचलाधिकारी और वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा मुआयना किया जायेगा. इसके बाद किसानों को सरकारी प्रावधान के अनुसार अविलंब मुआवजा दिया जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
