धुरकी. हाथियों के उत्पात से एक बार फिर से किसानों की परेशानी बढ़ गयी है. हाथियों के झुंड ने अंबाखोरेया गांव में कई किसानों की करीब 10 एकड़ में लगी रबी फसलें नष्ट कर दी. धुरकी प्रखंड क्षेत्र के अंबाखोरया पंचायत में जंगली हाथियों के झुंड ने खेतों मे लगी गेहूं, जौ व चना की फसलों को रौंदकर नष्ट कर दिया. किसानों ने बताया कि मध्यरात्रि में पहले से ही तांडव कर रहे हाथियों के झुंड ने रबी फसलों से लहलहा रहे खेतों में घुसकर भरपेट फसलों को खाने के बाद पैरों से रौंद दिया. प्रभावित किसान श्याम किशोर विश्वकर्मा, महेंद्र प्रजापति व सहबीर भुइयां ने बताया कि जंगली हाथियों का झूंड अब उनके क्षेत्र स्थित कनहर तटीय गांव अंबाखोरया, परासपानी कला, बरहसोती, माचपानी, बालचौरा, कदवा उर्फ लिखनीधौरा व भंडार गांव में लगातार विचरण कर रहा है. वे फसलो को चट कर जा रहे हैं. किसानों ने बताया कि उन्होंने इस बार कम बारिश होने के बाद अपनी मेहनत के बदौलत रबी फसल उगायी थी, लेकिन ऐन मौके पर हाथियों ने खरीफ फसल के बाद अब रबी फसल भी बर्बाद कर दी है. फसल पकने में अब कुछ ही दिन बाकी था, ऐसे समय में उन लोगों की फसल नष्ट होने से उनके समक्ष मुसीबत खड़ी हो गयी है. इस संबंध में वन क्षेत्र अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि हाथियों द्वारा रबी फसलों को नष्ट किये जाने की जानकारी मिली है. प्रभावित किसानों को मुआवजा देने के लिए आवेदन लिया जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
