रंका में हाथी ने एक को पटककर मारा

रंका में हाथी ने एक को पटककर मारा

रंका. रंका प्रखंड के दो अलग-अलग क्षेत्रों में शनिवार की रात हाथी ने एक व्यक्ति को पटक-पटक कर मार डाला. जबकि दूसरे को घायल कर दिया. मृतक बरवाही गांव निवासी नाम हरि कोरवा (55 वर्ष) तथा घायल बरवाही का ही सुनील केरकेट्टा बताया गया है. घायल सुनील केरकेट्टा को रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक इलाज के बाद गढ़वा रेफर कर दिया गया. मिली जानकारी के अनुसार बरवाही गांव के बुढ़िया डेरा टोला में शनिवार की रात करीब साढ़े सात बजे एक हाथी ने टोले में प्रवेश किया. उस समय टोला में चार-पांच ग्रामीण आग ताप रहे थे. तभी हाथी ने लोगों को निशाना बनाया. सभी लोग उठकर भागने लगे. इसमें चार लोग अपने घरों में घुस गये. जबकि हरि कोरवा को घर में अंदर प्रवेश करने के पहले ही हाथी ने सूंड में लपेट लिया तथा पटक-पटक कर मार डाला. साथ ही उसका घर भी क्षतिग्रस्त कर दिया. हाथी के डर से परिजन घर में ही दुबके रहे. हाथी के जाने के बाद उसके बेटे कुलदीप कोरवा ने देखा कि उसके पिता को हाथी ने पटक कर मार डाला है. कुलदीप ने बताया कि उसके पिता चार-पांच व्यक्ति के साथ आग ताप रहे थे. उसी वक्त हाथी आ गया. इधर ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस रात में ही शव को अपने कब्जे में लेकर थाना ले आयी और अंत्यपरीक्षण के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया. फसल खाते हाथी ने किया घायल : इधर वही हाथी उसी गांव के बुढ़ापरास टोला पहुंच कर उसी रात चार बजे भोर में गेहूं की फसल खा रहा था. तब आठ-दस ग्रामीण हाथी को भगाने लगे. इसमें युवक सुनील केरकेट्टा को हाथी ने निशाना बना लिया और उसे पैर से कुचल दिया. इसमें सुनील का दाहिना पैर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. सुनील के भाई मनु केरकेट्टा ने बताया कि बुढ़ापरास टोला में देर रात हाथी पहुंचा और गेहूं खाने लगा. करीब चार बजे भोर में हाथी को भगाने के लिए आठ-दस युवक निकले और टीना पीटकर भगाने लगे. इस दौरान हाथी ने सुनील को दौड़ा कर कुचल दिया. इसमें वह बुरी तरह घायल हो गया है. रेंजर ने दाह संस्कार के लिए पैसे दिये : खबर पाकर पहुंचे रेंजर रामरतन पांडेय ने मृतक के परिजन को दाह संस्कार के लिए तत्काल 30 हजार रुपये दिये. वहीं घायल युवक को इलाज के लिए पांच हजार रुपये का सहयोग किया. रेंजर ने कहा कि सरकारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतक के आश्रितों को चार लाख रुपये का मुआवजा दिया जायेगा. वहीं घायल युवक को भी इलाज के लिए पैसा मुहैया कराया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >