प्रतिनिधि, केतार/ खरौंधी गढ़वा में वज्रपात की अगल-अलग घटनाओं में शनिवार को एक वृद्ध व महिला की मौत हो गयी. पहली घटना केतार थाना क्षेत्र के मुकुन्दपुर गांव स्थित मायर टोला की है, जहां वज्रपात की चपेट में आने से एक वृद्ध की मौत हो गयी. मृतक की पहचान पालनगर गांव निवासी राम अवतार पाल (65) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार राम अवतार पाल अपने भेड़ों को चराने के लिए निकले थे. इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और आंधी के साथ बारिश शुरू हो गयी. इसी बीच वज्रपात की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलते ही केतार पंचायत के मुखिया प्रमोद कुमार ने मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया. वहीं सूचना पर केतार थाना के सब इंस्पेक्टर आदित्य कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचें. उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
खरौंधी प्रखंड के सुंडी गांव में शनिवार दोपहर हुई तेज बारिश के दौरान वज्रपात से एक महिला व उसकी गाय की मौत हो गयी. मृतका की पहचान सुंडी गांव निवासी प्रमोद गुप्ता की पत्नी रीना देवी (30 वर्ष) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार शनिवार करीब तीन बजे बारिश से बचने के लिए रीना देवी अपने घर के समीप स्थित एक महुआ पेड़ के नीचे खड़ी हो गयी. उनके साथ उसकी एक गाय भी थी. इसी दौरान वज्रपात से महिला व उसकी गाय की मौत हो गयी. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है. घटना की जानकारी मिलने परसूंडी मुखिया शीला देवी, पूर्व मुखिया राजेंद्र गुप्ता, राजा सिंह ने शोक व्यक्त किया.
