Garhwa: रमकंडा में थमा विवाद, पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर की पहल से निकला रामनवमी जुलूस

Garhwa (रमकंडा): रमकंडा में रामनवमी पर गुरुवार से चल रहा विवाद आखिरकार शुक्रवार को समाप्त हो गया. पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने दोनों पक्षों से बातचीत की और विवाद को खत्म करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इसके बाद शान से रामनवमी जुलूस निकाला गया. पूरी रिपोर्ट नीचे पढ़ें...

मुकेश तिवारी
Garhwa (रमकंडा): गढ़वा जिले के रमकंडा में रामनवमी जुलूस को लेकर पिछले कुछ घंटों से जारी गतिरोध और तनाव का अंत हो गया है. गुरुवार की अप्रिय घटना के बाद शुक्रवार को कड़े सुरक्षा घेरे और भक्तिपूर्ण माहौल के बीच जुलूस निकाला गया. इस पूरे मामले को सुलझाने और शांति व्यवस्था बहाल करने में पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर की भूमिका महत्वपूर्ण रही. मिथिलेश ठाकुर की पहल पर वहां रामनवमी जुलूस निकाला गया और खुद मंत्री भी जुलूस में शामिल हुए. इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात थी.

संवाद से बनी सहमति, गूंजा जय श्रीराम

विवाद का केंद्र रहे कौआखोह शिव चबूतरा तक जाने वाले रास्ते पर उपजे तनाव को दूर करने के लिए पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर स्वयं दुर्गा बाड़ी मंदिर पहुंचे. वहां उन्होंने हिंदू समुदाय के प्रबुद्ध जनों और स्थानीय लोगों के साथ अत्यंत मर्यादित और संयमित चर्चा की. उनके हस्तक्षेप और सकारात्मक रुख के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी और जुलूस को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया. इसके बाद सैकड़ों श्रद्धालुओं ने डीजे की धुन और जय श्रीराम जयघोष के साथ चबूतरे तक जाकर महावीरी पताका फहराया. मामले को सुलझाने के बाद पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की.

धर्म और आस्था का सम्मान करें

उन्होंने कहा कि रमकंडा की धरती हमेशा से हिंदू-मुस्लिम भाइयों के अटूट प्रेम और साझा संस्कृति की गवाह रही है. यहां सभी त्योहार मिल-जुलकर मनाए जाते रहे हैं. कुछ लोग इस पवित्र पर्व में भी राजनीति तलाश रहे हैं, जो पूरी तरह गलत है. हमारी प्राथमिकता क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आपसी भाईचारे को अक्षुण्ण रखना है. हमें धर्म और आस्था के साथ-साथ एक-दूसरे के सम्मान का भी ध्यान रखना चाहिए.

वीरान सड़कों पर निकले रामभक्त

गुरुवार की घटना के बाद शुक्रवार सुबह तक रमकंडा की सड़कें वीरान थीं और बाजार पूरी तरह बंद थे. प्रशासन ने स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे इलाके की ड्रोन से निगरानी कराई. भारी संख्या में तैनात पुलिस बल की मौजूदगी में जुलूस अपने पारंपरिक मार्ग से आगे बढ़ा. इस दौरान गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने भी रमकंडा पहुंचकर अपनी बात रखी और प्रशासनिक सजगता पर जोर दिया. वहीं, आरएसएस के जिला संयोजक सोनू सिंह ने भी धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकारों के बारे में चर्चा की. फिलहाल, रमकंडा में स्थिति पूरी तरह सामान्य और शांतिपूर्ण है.

ये भी पढ़ें…

Ranchi Weather: झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, कम नहीं हुआ रामभक्तों का उत्साह

गढ़वा रामनवमी विवाद में दोनों पक्षों के 19 लोग गिरफ्तार, थाना प्रभारी लाइन हाजिर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >