केतार से संदीप कुमार की रिपोर्ट
Garhwa News: झारखंड में गढ़वा जिले के केतार थाना क्षेत्र स्थित खोन्हर गांव में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. घर के सामने सड़क पर जमा मिट्टी हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक दंपति के साथ घर में घुसकर बेरहमी से मारपीट की गई. घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मामले को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
बरसात का पानी रोकने के लिए हटा रहे थे मिट्टी
जानकारी के अनुसार खोन्हर गांव निवासी अयोध्या साह अपने घर के सामने सड़क पर जमा मिट्टी को हटा रहे थे. बताया गया कि मिट्टी जमा होने के कारण बरसात का पानी उनके घर में घुस रहा था, जिससे परिवार को काफी परेशानी हो रही थी. इसी दौरान गांव के कुछ लोग इस बात को लेकर नाराज हो गए और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया. स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के समय इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी.
घर में घुसकर लाठी-डंडे से हमला
पीड़ित परिवार का आरोप है कि गांव के धर्मजीत साह, बंशीधर साह, संतोष कुमार गुप्ता, पप्पू कुमार गुप्ता और राहुल कुमार गुप्ता जबरन उनके घर में घुस गए. आरोपियों ने अयोध्या साह और उनकी पत्नी मनरौती देवी के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान मनरौती देवी को कमर में गंभीर चोट लगी.हमले के बाद घायल महिला दर्द से कराहती रही. घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों ने उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.
गढ़वा सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
घायल मनरौती देवी की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. फिलहाल उनका इलाज गढ़वा सदर अस्पताल में चल रहा है. डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है. परिजनों ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने जानबूझकर हमला कर परिवार को डराने का प्रयास किया. घटना के बाद पीड़ित परिवार दहशत में है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है.
इसे भी पढ़ें: गिरिडीह में भीषण सड़क हादसा: बेकाबू ट्रक ने कई गाड़ियों को रौंदा, पांच की मौत, 20 घायल
पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पीड़ित अयोध्या साह ने केतार थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के आधार पर थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी ने पांचों नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. थाना प्रभारी ने कहा कि मामले में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे.
इसे भी पढ़ें: रामगढ़ के गोला में हाथियों का आतंक: रौंद दिया मकई की फसल, किसानों को भारी नुकसान
