मेराल. गढ़वा-विंढमगंज राष्ट्रीय राजमार्ग-75 पर लगमा गांव के पास बुधवार के तड़के करीब 3.30 बजे एक कार खड़ी कंटेनर से टकरा गयी. इस घटना में गाड़ी के चालक सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. मिली जानकारी के अनुसार तेनार हाई स्कूल के शिक्षक रितेश भगत अपनी नयी अर्टिगा कार से मेराल बस स्टैंड स्थित गुप्ता सेनेटरी के प्रोपराइटर मुन्ना प्रसाद गुप्ता, उनकी पत्नी अनीता देवी, बेटा मयंक तथा बेटी साक्षी के साथ हैदर नगर में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे. घर पहुंचने से दो किलोमीटर पहले ही कतार चालक सह शिक्षक रितेश भगत को झपकी आ गयी और अकलवानी-लगमा के बीच रोड के किनारे खड़े एक कंटेनर से कार टकरा गयी. टक्कर इतना जोरदार थी कि अर्टिगा कार ट्रक में ही जा फंसी. इस हादसे में अगली सीट पर बैठे मुन्ना प्रसाद गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गये. कार चला रहे शिक्षक रितेश भगत भी घायल हुए हैं. गाड़ी की टक्कर के बाद एयर बैग खुला, पर कार की बायीं तरफ का अगला हिस्सा कंटेनर में घुस जाने से मुन्ना प्रसाद के चेहरे में गंभीर चोट लग गयी. इस घटना में मुन्ना प्रसाद गुप्ता की पत्नी तथा बच्चे बाल-बाल बच गये. घटना के बाद मुन्ना के पुत्र मयंक ने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी. परिजन तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल मुन्ना तथा शिक्षक रितेश को गढ़वा सदर अस्पताल ले गये. मुन्ना रांची रेफर, रितेश खतरे से बाहर : सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मुन्ना की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रांची रेफर कर दिया गया है. वहीं रितेश भगत का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. वह खतरे से बाहर बताये गये हैं. जानकारी मिलने पर पूर्व पार्षद संजय भगत, विधायक प्रतिनिधि डॉ लालमोहन, रामनाथ चौधरी, मदन यादव व डॉ विजय यादव अस्पताल पहुंचे व घायल शिक्षक का हाल जाना. घटनास्थल से कंटेनर में फंसे कार को निकाल कर पुलिस थाने ले आयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
