गढ़वा. मतदाता सूची के एसआइआर के तहत जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दावे-आपत्तियां प्राप्त हो रही हैं. निर्वाचन विभाग द्वारा 19 सितंबर को जारी आंकड़ों के अनुसार अब तक गढ़वा विधानसभा क्षेत्र से मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 के 9,440 आवेदन प्राप्त हुए हैं. वहीं, भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में यह संख्या 10,359 पहुंच गयी है. इस तरह भवनाथपुर में गढ़वा की तुलना में 919 अधिक लोगों ने नाम जोड़ने के लिए आवेदन किया है.
एक दिन में मिले 319 आवेदन
18 सितंबर को भी दोनों विधानसभा क्षेत्रों से फॉर्म-6 के आवेदन प्राप्त हुए. इस दिन गढ़वा विधानसभा क्षेत्र से 163 और भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र से 156 आवेदन मिले. दोनों विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर एक दिन में फॉर्म-6 के कुल 319 आवेदन प्राप्त हुए. अब तक जिले में फॉर्म-6 के कुल 19,799 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं.
सुधार के लिए 12,874 आवेदन
मतदाता सूची में नाम, पता अथवा अन्य विवरण में सुधार के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन आये हैं. जिले में अब तक फॉर्म-8 के 12,874 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें गढ़वा विधानसभा क्षेत्र से 5,208 और भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र से 7,666 आवेदन शामिल हैं.
18 सितंबर को फॉर्म-8 के 219 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें गढ़वा से 115 और भवनाथपुर से 104 आवेदन हैं. इसके अलावा जिले में फॉर्म-7 के 89 आवेदन और फॉर्म-6ए का एक आवेदन प्राप्त हुआ है.
30 सितंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां
निर्वाचन विभाग के अनुसार एसआइआर के तहत दावे-आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 है. 30 सितंबर तक प्राप्त दावे-आपत्तियों का निबटारा 14 अक्तूबर तक किया जायेगा. इसके बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 19 अक्तूबर 2026 को होगा.
