मझिआंव, गढ़वा: खरीफ फसल को प्राकृतिक आपदा, कीट और विपरीत मौसम से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए मंगलवार को बरडीहा प्रखंड कार्यालय परिसर से बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जागरूकता रथ रवाना किया गया. बीडीओ सह सीओ प्रवीण कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया. यह रथ प्रखंड के विभिन्न गांवों में जाकर किसानों को योजना की जानकारी देगा.
इस अवसर पर बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि खरीफ मौसम में धान और मकई सहित अन्य फसलों का बीमा कराया जा सकता है. उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द फसल बीमा करा लें, ताकि आपदा की स्थिति में फसल नुकसान की भरपाई मिल सके.
उन्होंने बताया कि योजना के तहत किसानों को नामांकन के लिए मात्र एक रुपये का टोकन शुल्क देना होगा. खरीफ फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गयी है.
टोल फ्री और व्हाट्सएप नंबर जारी
किसानों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 14447 और व्हाट्सएप नंबर 7065514447 जारी किया गया है. किसान योजना से जुड़ी जानकारी या समस्या के समाधान के लिए इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं.
प्रखंड प्रशासन ने सभी किसानों से योजना का लाभ उठाने की अपील की है.
