East Singhbhum News : झारसुगुड़ा स्टेशन से धातकीडीह के दो मजदूर 3 दिनों से लापता, परिजन चिंतित

गांव के 15 मजदूर मजदूरी के लिए गये थे विजयवाड़ा

गालूडीह.

गालूडीह थाना के धातकीडीह गांव निवासी मजदूर पुतुल मार्डी (40) और लखींद्र हांसदा (41) 31 जनवरी से लापता हैं. लापता होने के बाद दोनों के परिजन काफी परेशान हैं. परिजनों ने बताया कि 15 मजदूरों की टीम मजदूरी करने के लिए ट्रेन से विजयवाड़ा गयी थी. उनके साथ पुतुल मार्डी और लखींद्र हांसदा भी गया था. इसी दौरान पुतुल मार्डी की अचानक तबीयत बिगड़ने पर चार मजदूर विजयवाड़ा से वापस जमशेदपुर लौटने लगे. परिजनों ने बताया कि साथी मजदूरों ने जानकारी दी कि इस दौरान पुतुल मार्डी झारसुगुड़ा स्टेशन के पास ट्रेन से कूद गया. उसके पीछे लखींद्र हांसदा भी कूद गया. इसके बाद से दोनों लापता हैं. परिजनों ने काफी खोजबीन की. परिजनों ने बताया कि झारसुगुड़ा स्टेशन जाकर पता किया. रेलवे पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों को खंगाला, पर दोनों का कुछ पता नहीं चल सका.

गालूडीह थाना ने झारसुगुड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही

परिजनों ने बताया कि सोमवार को परिजन गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने गालूडीह थाना गये थे. पर थाना में झारसुगुड़ा में रिपोर्ट दर्ज करने के लिए कहा गया. यहां शिकायत नहीं सुनी गयी. लापता होने के बाद लखींद्र हांसदा की मां देवला हांसदा, पत्नी शुरुवाली हांसदा, बेटा करण हांसदा और पुतुल मार्डी की बेटी आशा मार्डी, पूजा मार्डी और उषा मार्डी परेशान हैं. पुतुल मार्डी की पत्नी दूसरी शादी कर चली गयी है. उनकी तीनों बेटियां पिता के लापता होने से बेहाल हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AKASH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >