गालूडीह से प्रकाश दास की रिपोर्ट
गालूडीह. पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह थानांतर्गत हेंदलजुड़ी गांव के केंदडांगा टोला में मलेरिया सेप्सिस से 14 वर्षीय किशोरी किरण हांसदा की मौत हो गयी. जिले में मलेरिया से यह नौवीं मौत है. घटना से गांव में दहशत का माहौल है. किरण हांसदा उत्क्रमित मध्य विद्यालय ककड़ीशोल में कक्षा आठवीं की छात्रा थी. उसकी असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतका के पिता काड़ो हांसदा, मां राखी हांसदा, भाई हेमन हांसदा और बहन मंजू हांसदा गहरे सदमे में हैं.
पिता काड़ो हांसदा ने बताया कि किरण की तबीयत बिगड़ने पर सोमवार को उसे इलाज के लिए घाटशिला स्थित स्वर्णरेखा नर्सिंग होम ले जाया गया था. वहां उसकी स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन उसे पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान सोमवार रात करीब आठ बजे उसकी मौत हो गयी.
अस्पताल के दस्तावेजों में मृत्यु का कारण मलेरिया सेप्सिस दर्ज किया गया है. गांव में मलेरिया से पहली मौत के बाद ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल है. इधर, सूचना पर ग्राम प्रधान रामचंद्र हांसदा, मुखिया मिर्जा हांसदा, पंचायत समिति सदस्य सामु टुडू, वार्ड सदस्य सुनाराम सोरेन तथा दुर्लभ सोरेन समेत कई ग्रामीण परिजनों को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंचे.
किशोरी की मौत के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल
हेंदलजुड़ी गांव के केंदडांगा टोला की 14 वर्षीय किशोरी किरण हांसदा की मलेरिया सेप्सिस से मौत के बाद क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. गांव में मलेरिया से हुई पहली मौत के बाद ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल है. लोग प्रभावी रोकथाम और उपचार व्यवस्था की मांग कर रहे हैं. ग्रामीणों ने गांव में विशेष स्वास्थ्य जांच और जागरुकता अभियान चलाने की मांग की है.
