मॉनसून की शुरुआत के साथ क्षेत्र में सर्पदंश (सांप काटने) की घटनाएं तेजी से बढ़ने लगी हैं. मंगलवार की सुबह घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में सर्पदंश के तीन मरीजों को इलाज के लिए लाया गया. इनमें धालभूमगढ़ प्रखंड के शमका गांव निवासी राजेंद्र कर्मकार (65) और उनकी पत्नी सुरुवाली कर्मकार (60) शामिल हैं, जिन्हें उनके घर पर सांप ने डस लिया. परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को तुरंत अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल की चिकित्सक डॉ. मीरा मुर्मू ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की स्थिति को देखते हुए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया. डॉ. मुर्मू के अनुसार, राजेंद्र कर्मकार की स्थिति गंभीर थी, जबकि उनकी पत्नी की हालत सामान्य थी, लेकिन एहतियातन दोनों को रेफर किया गया है. वहीं, दूसरी घटना घाटशिला प्रखंड के चेंगजोड़ा टोला (लगाडेरा) की है, जहां शीला देवी टुडू को घर में सांप ने काट लिया. उनके पुत्र सूरज टुडू ने बताया कि सांप की पहचान नहीं हो सकी है. चिकित्सक ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें भी बेहतर उपचार के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया. घटना की जानकारी मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता दीपक हेंब्रम और सुजीत टुडू अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर मरीजों का हालचाल जाना.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.