East Singhbhum News : कृष्ण भक्ति में डूबा घाटशिला
घाटशिला. श्रीकृष्ण भक्त मारवाड़ी समाज ने शुक्रवार को घाटशिला में श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का शुभारंभ किया. अग्रसेन भवन स्थित राम मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान से पूरा नगर भक्ति, श्रद्धा और सनातन चेतना में सराबोर रहा. इसके पूर्व गोपालपुर रेलवे फाटक से अग्रसेन भवन तक भव्य कलश व ध्वज शोभायात्रा निकाली गयी. इसके पूर्व मुख्य सड़क स्थित हनुमान मंदिर में पूजा की गयी. पुजारी सुशांत पांडेय ने विधिवत पूजा करायी. पारंपरिक परिधान में 151 महिलाओं ने सिर पर कलश लेकर नगर भ्रमण किया. वहीं, बाबा श्याम के प्रति आस्था प्रकट करते हुए करीब 25 विशेष श्याम निशान तथा लगभग 100 श्रद्धालुओं ने निशान उठाये. इनमें पुरुष, युवक व बच्चे शामिल थे.
झांकियों व ढोल-ताशा के साथ निकली शोभायात्रा:
शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण नागपुर की प्रसिद्ध शिवाजी बैंड पार्टी रही. महाराष्ट्र के नासिक की ढोल-ताशा संस्कृति से सजी प्रस्तुति ने पूरे मार्ग को भक्तिमय वातावरण में बदल दिया. योगेंद्र सार्थिक के नेतृत्व में 55 युवक-युवती कलाकारों के ढोल-ताशा की गूंज, भगवा ध्वज और भक्ति संगीत ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया. यात्रा में राधा-कृष्ण व बजरंग बली की सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं.
5 फरवरी तक भागवत कथा का रसपान करेंगे श्रद्धालु:
वृंदावन से पधारे पूज्य आचार्य राजेंद्र जी महाराज 30 जनवरी से 5 फरवरी तक प्रतिदिन श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान करायेंगे. सुनील जैन ने बताया कि कथा के समापन पर 6 फरवरी को हवन, पूर्णाहुति व महाप्रसाद वितरण होगा. समिति के सदस्यों ने घाटशिला में पहली बार नागपुर की शिवाजी बैंड पार्टी व महाराष्ट्र के नासिक की ढोल-ताशा ने प्रस्तुति दी. श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ के साथ पूरा घाटशिला जय श्रीकृष्ण और जय श्याम के जयघोष से गूंज उठा. मौके पर नथु लाल अग्रवाल, दिलीप अग्रवाल, पवन अग्रवाल, प्रेम गुप्ता, सुदर्शन जैन, राकेश जैन, प्रवीण अग्रवाल, सुनील जैन, विकास आनंद, विकास अग्रवाल, जिप सदस्य कर्ण सिंह, देवयानी मुर्मू, उप प्रमुख गोपाल कृष्ण अग्रवाल, मधुर अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, बिमल गुप्ता, नंदू शर्मा, ललित अग्रवाल, अमित अग्रवाल, सौरव अग्रवाल, रेखा जैन मौजूद रहे.
भागवत कथा श्रवण से मोक्ष की प्राप्ति : राजेंद्र जी महाराज
घाटशिला. घाटशिला के राम मंदिर अग्रसेन स्मृति भवन परिसर में शुक्रवार से श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ शुरू हुआ. वृंदावन से पधारे आचार्य राजेंद्र जी महाराज ने भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डाला. भागवत कथा नर को नारायण से जोड़ने वाला दिव्य ग्रंथ है. यह पितरों को मुक्ति प्रदान करने वाला व मृत्यु को मंगलमय बनाने का प्रेम शास्त्र है. भागवत कथा श्रवण करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है. यह ज्ञान, भक्ति और वैराग्य का मार्ग प्रशस्त करता है. भागवत कथा समस्त वेदों व उपनिषदों का सार है. आत्मिक शांति व परम सत्य की अनुभूति कराती है. श्रीराधा-कृष्ण की आरती की गयी. कथा के बाद प्रसाद वितरण हुआ. कथा का आचार्य राजेंद्र जी महाराज के यूट्यूब, फेसबुक व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में लाइव प्रसारण होगा.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.