जमशेदपुर से संजीव की रिपोर्ट
East Singhbhum School: पूर्वी सिंहभूम के नौ स्कूलों की बड़ी लापरवाही सामने आई है. झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की नौवीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी हुए दो माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन इन स्कूलों के प्राचार्यों और प्रबंधन ने अब तक जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीइओ) कार्यालय से छात्र-छात्राओं की मार्कशीट प्राप्त नहीं की है. डीइओ ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई है. विभागीय सूत्रों के अनुसार, मार्कशीट करीब दो माह पहले ही डीईओ कार्यालय को उपलब्ध करा दी गई थी. इसके बावजूद संबंधित स्कूलों ने इन्हें लेने में रुचि नहीं दिखाई, जिससे विद्यार्थियों को समय पर अंक पत्र नहीं मिल पा रहा है. जिला शिक्षा विभाग ने स्कूलों को रिमाइंडर भी भेजा है. डीइओ ने सभी डिफॉल्टर स्कूलों को तत्काल मार्कशीट उठाव कर छात्र-छात्राओं के बीच बांटने सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.
इन नौ स्कूलों ने नहीं ली मार्कशीट
सामुदायिक उच्च विद्यालय बागबेड़ा
उर्दू उच्च विद्यालय टेल्को
उत्क्रमित हिंदी उच्च विद्यालय चापड़ी मुसाबनी
गर्वमेंट सेकेंडरी हाई स्कूल नारगा
एसएस हाई स्कूल गंडानाटा
गवर्मेंट सेकेंडरी हाई स्कूल पालीडीह
राजकीय उच्च विद्यालय पीपला
मॉडल स्कूल पटमदा
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पटमदा
हवाई मार्ग से मंगाई गई इंटर की मार्कशीट
जैक में दो माह की सुस्ती के बाद अब युद्धस्तर पर काम शुरू हो गया है. विभागीय सूत्रों के अनुसार, मैट्रिक की मार्कशीट जारी होने के बाद इंटर की लंबित मार्कशीट भी जल्द विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए जैक ने स्पेशल मैसेंजर को इलाहाबाद भेजा. वहां से मार्कशीट हवाई मार्ग से रांची लाई गई. जैक कार्यालय में मार्कशीट का जिलावार पैकेट तैयार किया जा रहा है. इसके लिए वरीय अधिकारियों ने कर्मचारियों को बुधवार देर रात तक काम करने का निर्देश दिया है. जानकारी के अनुसार गुरुवार को कुछ जिलों के लिए मार्कशीट भेजी जाएगी. मुहर्रम की छुट्टी के बावजूद इसे हर हाल में जिलों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है.
यह भी पढ़ें: एसिड अटैक पीड़ित को मिलेगा 15 लाख का मुआवजा, झारखंड हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को दिया आदेश
यह भी पढ़ें: धनबाद भूमि अधिग्रहण मुआवजा घोटाला मामले में आरोपियों की जमानत याचिका पर सुनवाई, हाईकोर्ट ने मांगा बिंदुवार जवाब
यह भी पढ़ें: लखनऊ हादसे के बाद धनबाद में शैक्षणिक संस्थानों पर शिकंजा, सुरक्षा जांच में तीन संस्थानों को नोटिस
