East Singhbhum News : छात्रों से पूछे सवाल, जवाब नहीं मिलने पर शिक्षकों को लगायी फटकार
कोवाली. विधायक संजीव सरदार ने शुक्रवार को पोटका प्रखंड की पोड़ाडीहा पंचायत के मंगलासाई स्थित एकलव्य विद्यालय का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और छात्रों की उपस्थिति को लेकर कई खामियां उजागर हुईं, जिस पर विधायक ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की. विधायक संजीव सरदार ने सबसे पहले विद्यालय की उपस्थिति पंजिका की जांच की. जांच में पाया गया कि कक्षा 6 से 8 तक कुल 124 छात्र पंजीकृत हैं, पर मौके पर केवल 104 छात्र ही उपस्थित थे. 20 छात्रों के अनुपस्थित पाये जाने पर उन्होंने प्रबंधन से जवाब तलब किया.
विधायक के सवालों का छात्र नहीं दे पाये जवाब
निरीक्षण के दौरान विधायक स्वयं कक्षाओं में पहुंचे. छात्रों से पठन-पाठन व आवासीय सुविधाओं की जानकारी ली. उन्होंने छात्रों से कुछ बुनियादी सवाल-जवाब भी किये, पर छात्रों के उत्तर से वे संतुष्ट नजर नहीं आये. उन्होंने शिक्षकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा सरकार ग्रामीण छात्रों के बेहतर भविष्य के लिए इस विद्यालय का संचालन कर रही है. छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना शिक्षकों की प्राथमिकता होनी चाहिए. इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी. प्राचार्य दुलार चंद्र साव ने विधायक को विद्यालय की समस्याओं से अवगत कराया. उन्होंने बताया कि विद्यालय में स्टाफ और सफाई कर्मचारियों की भारी कमी है. साथ ही क्षेत्र में बढ़ रहे प्रदूषण के कारण छात्रों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है. विधायक संजीव सरदार ने शिक्षकों और प्रबंधन को आश्वस्त किया कि विद्यालय की कमियों और खामियों की जानकारी उन्होंने जिला प्रशासन के उच्च अधिकारियों को दे दी है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.