घाटशिला. बीते बुधवार को सड़क दुर्घटना में पांच वर्षीय आराध्या गोराई की मौत के विरोध में गुरुवार को बरडीह के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. जैसे ही बच्ची का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा, नाराज ग्रामीणों ने शव के साथ काशिदा-हुलुंग मुख्य सड़क जाम कर दिया. ग्रामीण दोषियों की गिरफ्तारी और सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग कर रहे थे.
बीडीओ और पुलिस प्रशासन का घेराव :
गुरुवार दोपहर 1 बजे शुरू हुए जाम के दौरान ग्रामीणों ने घाटशिला बीडीओ यूनिका शर्मा के वाहन को करीब डेढ़ घंटे तक घेरे रखा. ग्रामीणों का आरोप है कि चेंगजोड़ा से काशिदा तक आये दिन दुर्घटनाएं होती हैं, लेकिन प्रशासन को बार-बार ज्ञापन देने के बाद भी सुरक्षा के उपाय नहीं किये गये. मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी वंश नारायण सिंह ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया.
कार्रवाई का आश्वासन पर खुला जाम :
थाना प्रभारी ने पांच दिनों के भीतर आरोपी बाइक चालक की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया. वहीं, बीडीओ ने वरिष्ठ अधिकारियों से अनुमति लेकर सड़क पर गति अवरोधक (स्पीड ब्रेकर) लगवाने की बात कही. इस ठोस आश्वासन के बाद दोपहर 3:30 बजे जाम समाप्त हुआ.
स्कूल से लौट रही बच्ची की बाइक के धक्के से हुई थी मौत
गौरतलब हो कि सरस्वती शिशु मंदिर की छात्रा आराध्या बुधवार को स्कूल वैन से घर लौटी थी. आरोप है कि वैन चालक ने उसे सुरक्षित घर तक पहुंचाने के बजाय सड़क पर उतार दिया. अकेले सड़क पार करने के दौरान एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौत हो गयी. इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है.
पीड़ित परिवार से मिले विधायक, आरोपी की गिरफ्तारी और स्पीड ब्रेकर बनाने का दिया भरोसा
घाटशिला. सड़क दुर्घटना में पांच वर्षीय आराध्या गोराई की मौत के अगले दिन गुरुवार को क्षेत्रीय विधायक सोमेश चंद्र सोरेन बरडीह गांव पहुंचे. उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की. ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया. विधायक ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से फोन पर बात कर आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिये. ग्रामीणों द्वारा सड़क सुरक्षा पर उठाये गये सवालों के बाद विधायक ने पथ निर्माण विभाग से संपर्क किया. उन्होंने आश्वासन दिया कि चेंगजोड़ा से काशिदा के बीच व्यस्त सड़क पर जल्द आवश्यक स्थानों पर गति अवरोधक (स्पीड ब्रेकर) बनाये जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके. इस दौरान प्रखंड अध्यक्ष दुर्गाचरण मुर्मू और कार्यकर्ता उपस्थित थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.