East Singhbhum News : एचसीएल के पूर्व कर्मचारी के बंद घर से 15 लाख के जेवरात व नकद चोरी

घर की देखभाल करने वाला पड़ोसी सो रहा था आंगन में चोरों ने अंदर किया हाथ साफ

घाटशिला. घाटशिला थाना क्षेत्र के पांच पांडव (मऊभंडार) में सोमवार को एचसीएल-आइसीसी के पूर्व कर्मचारी लक्ष्मी निवास कापड़ी के घर का ताला तोड़कर करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकद पर हाथ साफ कर दिया. जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी निवास कापड़ी अपनी पत्नी पूर्व शिक्षिका कैलाशपति देवी के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने भागलपुर गये थे. उन्होंने घर की देखरेख का जिम्मा पड़ोसी शुरू बेहरा को सौंपा था. रविवार की रात शुरू बेहरा घर के आंगन में सोये थे, लेकिन चोरों ने बड़ी चालाकी से छत के रास्ते घर में प्रवेश किया और तीन कमरों का ताला तोड़कर बॉक्स पलंग में रखे कीमती सामानों की चोरी कर ली.

सुबह 11 बजे चला चोरी का पता

घटना का खुलासा सोमवार सुबह करीब 11 बजे हुआ जब पड़ोसी के परिजन घर पहुंचे. मुख्य दरवाजे का ताला टूटा और अंदर सामान बिखरा देख शोर मचाया गया. सूचना मिलते ही शुरू बेहरा और कापड़ी परिवार के रिश्तेदार विनोद शर्मा मौके पर पहुंचे. कमरों की हालत देखकर चोरी की पुष्टि हुई. घटना की जानकारी तुरंत गृहस्वामी को फोन पर दी गयी. सूचना पाकर घाटशिला और मऊभंडार पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की. जांच के दौरान छत का दरवाजा खुला पाया गया, जिससे यह आशंका जतायी जा रही है कि चोर छत के रास्ते ही घर में दाखिल हुए थे. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है.

सुरक्षा पर उठे सवाल, गश्त बढ़ाने की मांग

मौके पर पहुंचे मुखिया प्रतिनिधि सुखलाल हांसदा और उप मुखिया रूपेश दुबे ने पुलिस प्रशासन से चोरी का जल्द खुलासा करने और अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग की. स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी और चोरी की वारदातों पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की अपील की है.

हल्दीपोखर : नन बैंकिंग कंपनी से 8.75 लाख रुपये की चोरी

कोवाली. कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर रेलवे स्टेशन के समीप स्थित नन बैंकिंग कंपनी नेबिफन्स लिमिटेड से 8.75 लाख रुपये की चोरी का मामला सामने आया है. पुलिस इस पूरी घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है.

मैनेजर ने दर्ज कराई शिकायत

कंपनी के मैनेजर किशोर सैनी ने कोवाली थाना में चोरी की लिखित शिकायत दर्ज कराई है. मैनेजर के अनुसार, हाता-हल्दीपोखर मुख्य पथ पर स्थित ऑफिस में ग्राहकों से वसूले गए पिछले तीन दिनों के कलेक्शन की राशि रखी हुई थी. रविवार की रात चोरों ने ऑफिस से 8.75 लाख रुपये उड़ा लिए. चोरी की सूचना मिलते ही जिला पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया. पटमदा के सीनियर डीएसपी बचन देव कुजूर, मुसाबनी डीएसपी संदीप भगत और घाटशिला के एसडीपीओ अजित कुमार कुजूर दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने ऑफिस के सभी महत्वपूर्ण दस्तावेजों को जब्त कर लिया है. पुलिस को मामला प्रथम दृष्टया संदेहास्पद प्रतीत हो रहा है. जांच के दायरे को बढ़ाते हुए पुलिस ने कंपनी के मैनेजर समेत सभी स्टाफ को पूछताछ के लिए कोवाली थाना लेकर गई है. मुसाबनी के डीएसपी संदीप भगत ने कहा कि मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है. मामला संदेहास्पद प्रतीत हो रहा है. जल्द ही घटना का उद्भेदन कर दिया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Atul pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >