घाटशिला से सिद्धार्थ आनंद की रिपोर्ट
Kashida Railway Underpass Lighting Issue : घाटशिला रेलवे स्टेशन से महज कुछ दूरी में स्थित काशिदा रेलवे अंडरपास में पिछले एक सप्ताह से आधे हिस्से की स्ट्रीट लाइट बंद रहने से राहगीरों की परेशानी बढ़ गयी है. काशिदा मैदान की ओर से अंडरपास में प्रवेश करने पर लगभग आधी दूरी तक घना अंधेरा रहता है, जिससे रात के समय दुर्घटना और आपराधिक घटनाओं की आशंका बनी हुई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले से ही अंडरपास में जलजमाव की समस्या बनी रहती है, अब लाइट खराब होने से स्थिति और गंभीर हो गयी है.
रेलवे प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों के अनुसार करोड़ों रुपये की लागत से लोगों की सुविधा के लिए बनाये गये इस अंडरपास का समुचित रखरखाव नहीं हो रहा है. कहा कि लाइट नहीं जलने की सूचना स्टेशन मास्टर और डीआरएम कार्यालय को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक खराब लाइटों की मरम्मत नहीं करायी गयी है. लोगों ने रेलवे प्रशासन से अविलंब लाइट दुरुस्त कराने और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने की मांग की है.
क्या कहते हैं स्थानीय लोग और राजनीतिक दल?
- स्थानीय समाजसेवी अरूप चौधरी ने कहा काशिदा रेलवे अंडरपास की लाइट एक सप्ताह से बंद रहने से रात में लोगों को काफी परेशानी हो रही है. अंधेरे के कारण दुर्घटना और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की आशंका बनी रहती है. रेलवे प्रशासन को तत्काल लाइटों की मरम्मत कर नियमित रखरखाव सुनिश्चित करना चाहिए, जिससे आम लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके. वैसे ग्रामीणों से स्टेशन मास्टर और डीआरएम के कार्यालय में इसकी सूचना दी है. तब पर भी कार्रवाई नहीं हुई अभी तक.
- कांग्रेस नेता तापस चटर्जी ने कहा काशिदा की ओर से अंडरपास का आधा हिस्सा पिछले एक सप्ताह से अंधेरे में डूबा है. रात के समय राहगीरों को काफी परेशानी होती है और दुर्घटना व चोरी की आशंका बनी रहती है. एक सप्ताह से लाइटें बंद हैं, लेकिन विभाग अब तक मौन है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है. रेलवे प्रशासन को बिना देर किए लाइटों की मरम्मत करानी चाहिए
- झामुमो नेता काजल डॉन ने कहा रेलवे अंडरपास में पहले से जलजमाव की समस्या है. अब लाइट खराब होने से राहगीरों की मुश्किलें और बढ़ गयी हैं. अभिलंब लाइट को दुरुस्त करना चाहिए. रेलवे को सिर्फ निर्माण ही नहीं, बल्कि उसके नियमित रखरखाव पर भी ध्यान देना चाहिए.
ये भी पढ़ें: Supreme Court : संविधान पीठ के फैसले का दूरगामी असर
ये भी पढ़ें: Palamu में अपराधियों का तांडव, ट्रांसपोर्टेशन और कंस्ट्रक्शन कंपनियों पर आफत
