- 12 करोड़ की लागत से बन रहे 230 मीटर लंबे पुल का कार्य सुरक्षा कारणों से रोका गया प्रतिनिधि, गालूडीह बरसात शुरू होते ही सुवर्णरेखा नदी के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी होने लगी है. इसके चलते कुलियाना और तिलामुढ़ा के बीच 12 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे पुल का निर्माण कार्य ठप हो गया है. नदी में पानी का तेज बहाव देखते हुए निर्माण एजेंसी सत्यम कंस्ट्रक्शन कंपनी ने सुरक्षा कारणों से काम को अस्थायी रूप से रोक दिया है. नदी का जलस्तर बढ़ने से निर्माण स्थल और मशीनों के संचालन में बाधा आ रही है. नदी के बीच बनाया गया अस्थायी पहुंच मार्ग और कार्यस्थल पानी में डूब गये हैं. किसी भी अनहोनी से बचने के लिए सभी मजदूरों और कर्मियों को सुरक्षित स्थल पर हटा लिया गया है. अधिकारियों का कहना है कि जलस्तर सामान्य होने के बाद ही काम दोबारा शुरू होगा. मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत बन रहे 230 मीटर लंबे पुल का शिलान्यास 28 नवंबर, 2025 को पोटका विधायक संजीव सरदार ने किया था. इसे 16 महीने में पूरा किया जाना था. स्थानीय ग्रामीणों के लिए यह पुल बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसके बनने से आवागमन सुगम हो जायेगा. हालांकि, शुरुआत में काम रुकने से अब परियोजना में देरी की आशंका जतायी जा रही है.
सुवर्णरेखा का जलस्तर बढ़ने से कुलियाना पुल का निर्माण ठप
सुवर्णरेखा नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण कुलियाना-तिलामुढ़ा पुल का निर्माण कार्य सुरक्षा कारणों से अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। जानें पूरी जानकारी।

निर्माणधीन पुल | Prabhat Khabar Network