चाकुलिया: नगर पंचायत क्षेत्र में होल्डिंग टैक्स की दरों में की गयी 10% की वृद्धि का स्थानीय स्तर पर विरोध शुरू हो गया है. इस अनावश्यक टैक्स बढ़ोतरी को तत्काल निरस्त करने की मांग को लेकर नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से विभागीय सचिव को एक पत्र भेजा है. प्रतिनिधियों ने कहा है कि इस फैसले से नगर पंचायत क्षेत्र की जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है.
जनप्रतिनिधियों का कहना है कि चाकुलिया एक छोटा कस्बा है. यहां के अधिकतर लोग मजदूरी और छोटे-मोटे काम करके अपना जीवनयापन करते हैं. क्षेत्र में रोजगार या आय के कोई विशेष बड़े साधन उपलब्ध नहीं हैं. ऐसे में टैक्स की दरों को बढ़ाना बिल्कुल भी न्यायसंगत और अनुचित नहीं है.
दरें वापस नहीं होने पर बढ़ेगा जनाक्रोश
विभागीय सचिव को भेजे गये विरोध पत्र में बढ़ी हुई दरों को अविलंब वापस लेने की पुरजोर मांग की गयी है. इस पत्र पर मुख्य रूप से नगर पंचायत अध्यक्ष सोमवारी सोरेन, उपाध्यक्ष राजकुमार मिश्रा सहित वार्ड पार्षद इंदु देवी, मलय रुहिदास, शतदल महतो, संजय घोष और क्षेत्र के अन्य प्रमुख जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षर शामिल हैं.
