सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ने से कुलियाना घाट पर पुल निर्माण कार्य हुआ ठप

सुवर्णरेखा नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण कुलियाना और तिलामुढ़ा के बीच बन रहे पुल का निर्माण कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। जानें पूरी जानकारी।

प्रतिनिधि, गालूडीहबरसात शुरू होने से सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है. इससे कुलियाना और तिलामुढ़ा के बीच 12 करोड़ की लागत से बन रहे पुल का निर्माण कार्य ठप हो गया है. नदी में जल प्रवाह के कारण निर्माण एजेंसी ने सुरक्षा कारणों से कार्य को अस्थायी रूप से रोक दिया है. मशीनों और निर्माण सामग्री के संचालन में परेशानी उत्पन्न हो रही है. नदी के बीच बने अस्थायी पहुंच मार्ग और कार्यस्थल भी पानी से प्रभावित हुए हैं. निर्माण कार्य में लगे मजदूरों और कर्मियों को भी सुरक्षा की दृष्टि से स्थल से हटा लिया गया है. निर्माण एजेंसी के अधिकारियों का कहना है कि जलस्तर सामान्य होने के बाद ही कार्य दोबारा शुरू होगा. ग्रामीणों का कहना है कि कुलियाना पुल का निर्माण क्षेत्र के लोगों के लिए काफी महत्वपूर्ण है. पुल बनने से आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी तथा बरसात के दिनों में होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी. हालांकि, नदी में बढ़ते जलस्तर के कारण निर्माण कार्य रुक जाने से परियोजना के पूरा होने में देरी की आशंका जतायी जा रही है.

16 माह में बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर: मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत बन रहे इस पुल का निर्माण \"सत्यम कंस्ट्रक्शन कंपनी \" द्वारा किया जा रहा है. 28 नवंबर 2025 को पोटका विधायक संजीव सरदार ने इसका शिलान्यास किया था. इस परियोजना के लिए पूर्व मंत्री स्व रामदास सोरेन और संजीव सरदार ने लंबे समय तक प्रयास किया था. इसकी लंबाई 230 मीटर होगी, जो 16 माह (लगभग डेढ़ साल) में तैयार होगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >