Baharagora Emerald Smuggling: बहरागोड़ा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर शनिवार शाम पीडब्ल्यूडी चौक के समीप घेराबंदी कर बेशकीमती पत्थर ‘पन्ना’ की तस्करी कर रहे तीन आरोपियों को रंगेहाथ पकड़ा. जब्त पन्ना का वजन लगभग एक किलो है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये है. रत्ती के भाव से बिकने वाले कीमती पत्थर की बरामदगी को पुलिस बड़ी उपलब्धि मान रही है. पकड़े गये आरोपियों में दो गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के मुढ़ाकाटी के निवासी हैं, जबकि एक श्यामसुंदरपुर थाना क्षेत्र का रहनेवाला है. उक्त मामले में वरीय पुलिस अधिकारी रविवार को प्रेस वार्ता कर विस्तृत खुलासा करेंगे.
सुबह हिरासत में लिया गया था एक संदिग्ध
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने शनिवार सुबह एक संदिग्ध को पीडब्ल्यूडी चौक से हिरासत में लिया. उससे मिली कड़ियों के आधार पर शाम को चौक से दो अन्य तस्करों को पन्ना के साथ दबोचा गया. थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की. पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आयी है कि बेशकीमती पन्ना को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता ले जाकर किसी बड़े खरीदार को डिलीवर किया जाना था. फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध नेटवर्क के तार कहां-कहां जुड़े हैं.
क्षेत्र में प्रचुर भंडार, सरकार को रिपोर्ट भेज चुका है विभाग
उल्लेखनीय है कि गुड़ाबांदा प्रखंड के ठुरकुगोड़ा, बारुणमुठी और बाउटिया की पहाड़ियों में पन्ना, नीलम और माइका (अभ्रक) का प्रचुर भंडार है. खान व भू-तत्व विभाग पूर्व में इसकी जांच कर केंद्र व राज्य सरकार को रिपोर्ट सौंप चुका है, लेकिन अब तक खदानों की सरकारी स्तर पर नीलामी नहीं हो सकी.
चोरी-छिपे फल-फूल रहा सिंडिकेट, सील सुरंगों से हो रहा अवैध खनन
पूर्व में पन्ना निकालने के लिए खोदी गयी अवैध सुरंग में तीन मजदूरों की मौत के बाद प्रशासन ने खदानों को मिट्टी डालकर सील कर दिया था. इसके बावजूद, बाहरी राज्यों के तस्करों के शह पर स्थानीय स्तर पर चोरी-छिपे अवैध खनन और तस्करी का खेल बदस्तूर जारी है, जिसकी पुष्टि इस ताजा बरामदगी से हुई है.
यह भी पढ़ें- जनता के हितों के आगे झुक गए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, 24 घंटे के अंदर खुला गुमला नगर परिषद का ताला
यह भी पढ़ें- रामगढ़ की चुटूपालु घाटी में बड़ा हादसा टला, ओवरटेक कर रहे ट्रेलर ने दो कार को मारी टक्कर
