East Singhbhum News : हक के लिए और उलगुलान जरूरी : विक्टर
गालूडीह. जगन्नाथपुर स्थित सिदो-कान्हू दिशोम जाहेरगाढ़ ठाकुरबाड़ी और जगन्नाथपुर चौक पर बुधवार को बाबा तिलका मांझी की 276वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनायी गयी. समाज के विभिन्न वर्गों ने बाबा तिलका मांझी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके संघर्षों को याद किया. समारोह की शुरुआत जगन्नाथपुर चौक पर स्थापित बाबा तिलका मांझी की प्रतिमा के पास नायके लक्ष्मण मार्डी ने पूजा से की. इसके बाद झामुमो युवा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष विक्टर सोरेन और जाहेरगाड़ कमेटी के पदाधिकारियों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया. मौके पर पूर्व जिला उपाध्यक्ष विक्टर सोरेन ने कहा कि बाबा तिलका मांझी ने अंग्रेजों के खिलाफ जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए जो उलगुलान (क्रांति) शुरू किया था, उसकी प्रासंगिकता आज भी है. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में झारखंड की प्राकृतिक संपदा को लूटने वाले दलालों के खिलाफ एकजुट होकर एक और उलगुलान करने की आवश्यकता है. समारोह में नायके लक्ष्मण मार्डी, दुर्गाचरण मुर्मू, काजल डॉन, रतन महतो, फूलचंद टुडू, दुलाराम टुडू, अशोक महतो, बादल किस्कू, काला सरकार, सुशांत पात्र, गणेश किस्कू, कासू मुर्मू, विक्रम मुर्मू व अन्य उपस्थित थे.
बहरागोड़ा में बाबा तिलका मांझी की जयंती मनी, कुणाल ने किया नमन
बहरागोड़ा. बहरागोड़ा के झरिया मोड़ के पास बुधवार को बाबा तिलका मांझी की जयंती मनायी गयी. नाइके बाबा ने विधि-विधान के साथ पूजा की. इस अवसर पर झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी शामिल हुए. श्री षाड़ंगी ने बाबा तिलका मांझी को नमन किया. उन्होंने कहा कि आज के युवा पीढ़ी को उनकी जीवनी से प्रेरणा लेने की जरूरत है. तभी जाकर बेहतर समाज का निर्माण होगा. मौके पर मुखिया प्रतिनिधि सोमाय हांसदा समेत गांव के कई लोग उपस्थित थे.
युवाओं से बाबा तिलका मांझी के पदचिह्नों पर चलने का आह्वान किया
डुमरिया. डुमरिया प्रखंड के छोलागोड़ा में बुधवार को बाबा तिलका कमेटी ने बाबा तिलका मांझी की जयंती मनायी गयी. मौके पर घाटशिला के पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा, पोटका विधायक प्रतिनिधि तरुण सरदार, डॉ शंभू माहली, यूसीआइएल के डीजीएम मनोरंजन महाली व पंसस पार्वती हेंब्रम ने तिलका मांझी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया. वहीं, नायके सुराई बास्के ने पूजा की. अतिथियों ने तिलका मांझी के पद चिह्नों पर चलने का आह्वान किया. मौके पर क्लब के अध्यक्ष होपना हेंब्रम, सचिव कान्हुराम हेंब्रम, राजशंकर मुर्मू, जेएमएम प्रखंड अध्यक्ष मिर्जा सोरेन, उदय मुर्मू, काजमान सिंह सरदार, अर्जुन मुर्मू, तानो माडी आदि उपस्थित थे.
तिलका मांझी जयंती पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में झूमे समाज के युवा
घाटशिला. बाबा तिलका मांझी की जयंती पर झामुमो दामपाड़ा क्षेत्रीय कमेटी ने बुधवार को तीरंदाजी प्रतियोगिता व झारखंडी सांस्कृतिक कार्यक्रम किया. घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन व्यस्तता के कारण नहीं पहुंच सके. झामुमो युवा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष विक्टर सोरेन मुख्य अतिथि रहे. बाबा तिलका मांझी को श्रद्धांजलि दी. तीरंदाजी प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. मौके पर दुर्गाचरण मुर्मू, सुशीला टुडू, रामदास हांसदा, भारत मुर्मू, सुखलाल हांसदा, अंपा हेंब्रम, दसमत सोरेन, सुजय सिंह, मालती मुर्मू, बलराम मार्डी आदि उपस्थित थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.