घाटशिला : घाटशिला बार एसोसिएशन में शनिवार को बोनस राशि भुगतान को लेकर अधिवक्ताओं के बीच जम कर विवाद हुआ. बार भवन में रखे टेबुल और कुर्सियां तोड़ीं गयीं. अधिवक्ताओं ने बताया कि शनिवार को बिना पूर्व सूचना के बैंक से राशि निकासी कर बोनस के रूप में लगभग 74 अधिवक्ताओं के बीच 5 हजार- 5 हजार रुपये भुगतान किया गया. बार में लगभग 127 अधिवक्ता निबंधित हैं. राशि का भुगतान अल्फाबेटिकल हुआ. वितरण के लिए 3 लाख 70 हजार रुपये थे. सभी अधिवक्ता को बोनस नहीं मिलने को लेकर अधिवक्ताओं में नाराजगी थी.
बिना नोटिस छुट्टी के दिन बोनस भुगतान का विरोध
अधिवक्ता सपन नंदा ने इसका विरोध जताया. उन्होंने बार में बोनस की राशि का भुगतान कर रहे अधिवक्ताओं से जानना चाहा कि शनिवार को छुट्टी के दिन किस तरह से राशि का भुगतान किया जा रहा है. भुगतान के लिए नोटिस भी नहीं निकाला गया. न गवर्निंग बॉडी की बैठक की गयी. अधिवक्ताओं को बिना सूचना के बोनस राशि का भुगतान किया गया. सपन नंदा की बात पर बोनस राशि भुगतान कर रहे अधिवक्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया. उन्हें देख लेने की धमकी दे डाली. इसी बात को लेकर अधिवक्ताओं के बीच बार भवन में रखी कुर्सी और टेबुल फेंकने की नौबत आ गयी. बार में रखी दो कुर्सियां और एक टेबुल टूट गये.
गबन का मामला उठाते ही अधिवक्ता नाराज हो गये : सपन
सपन नंदा ने कहा कि जिन अधिवक्ताओं द्वारा बोनस राशि का भुगतान किया जा रहा था. उनसे जानकारी ली गयी कि अभी 50 लाख के गबन का मामला लंबित है. इस बीच किसके आदेश से बोनस की राशि का भुगतान किया जा रहा है. उनकी बातों को सुनते ही अन्य अधिवक्ता नाराज हो गये और उनके खिलाफ हो गये.
बार में मारपीट नहीं हुई : अध्यक्ष
एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष दशरथ महतो ने कहा कि बार में मारपीट की घटना नहीं हुई है. बोनस भुगतान के दौरान अधिवक्ताओं के बीच किसी तरह का बवाल नहीं हुआ है.
